मतदाताओं में नहीं दिखा उत्साह
= 2012 के आम चुनाव में सोमेश्वर सीट पर हुआ था 57.65 प्रतिशत मतदान
= कार्यकर्ता भी नहीं दिखे उत्साहित, बूथों के इर्द-गिर्द पसरा रहा सन्नाटा
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा: जनपद की सोमेश्वर विस सीट पर हुए उपचुनाव में मतदाताओं ने कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखाई। इसी कारण मतदान का प्रतिशत आशा के अनुरूप नहीं रहा। उपचुनाव में कांग्रेस व भाजपा की प्रतिष्ठा दांव पर लगी होने के कारण मतदान प्रतिशत में काफी वृद्धि होने के कयास लगाए जा रहे थे।
राज्य विधानसभा के लिए 2012 में हुए आम चुनाव में सोमेश्वर सीट पर 57.65 प्रतिशत मतदान हुआ था। तब इस सीट पर कांग्रेस व भाजपा प्रत्याशियों को मिलाकर कुल पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे और वर्तमान कांग्रेस प्रत्याशी रेखा आर्या ने बतौर निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव लड़ा था। हालांकि इस बार भी पांच ही प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं लेकिन मतदाताओं में मतदान को लेकर कतई उत्साह नहीं दिखा। पार्टी कार्यकर्ता भी मतदान के दौरान कतई उत्साहित नजर नहीं आए। मतदान की धीमी गति से ही चुनाव के प्रति मतदाताओं की बेरूखी का स्पष्ट आभास हुआ।
सोमेश्वर विस क्षेत्र के प्राइमरी पाठशाला सुनाड़ी बूथ पर पूर्वाह्न 11 बजे तककुल 657 मतदाताओं में से मात्र 117 मतदाताओं ने वोट डाले थे। दोपहर 12 बजे तक यह संख्या 162 हो गई थी। इस प्रकार दोपहर तक केवल 24.65 प्रतिशत वोटिंग ही हो पायी थी। सोमेश्वर प्राइमरी पाठशाला बूथ पर दोपहर 12 बजे तक कुल 906 वोटरों में से केवल 333 मतदाता ही वोट डाल पाए थे। इस प्रकार यहां दोपहर तक यहां 38.75 फीसदी ही वोटिंग हो पायी थी। विधान सभा क्षेत्र के अन्य बूथों पर भी इसी तरह मतदान का प्रतिशत बहुत धीमा रहा। बूथों पर मतदाताओं की लम्बी कतारें नहीं देखी गई। दो-चार की संख्या में मतदाता पोलिंग बूथों पर पहुंच रहे थे और अपना वोट डालने के बाद लौट रहे थे।
=====================
:::::::: इनसेट
खेतीबाड़ी में व्यस्त रही महिलाएं
सोमेश्वर: मतदान के दिन सोमेश्वर घाटी में महिलाएं खेतों में काम करते नजर आयी। कई महिलाएं धान की फसल की रोपाई में व्यस्त नजर आयी तो कई महिलाएं खेतों में निराई-गुणाई में जुटी थी। कई स्थानों पर काफी संख्या में महिलाएं हाथ में पूजा की थाल व कलश लेकर शिव मंदिरों की ओर जाती दिखाई दी। श्रावण मास के पहले सोमवार को शिव मंदिरों में भगवान शिव को जलाभिषेक का काफी महत्व माना जाता है, इसी कारण मंदिरों में महिला श्रद्धालुओं की भीड़भाड़ देखी गई।
====================
::::::: इनसेट
सोमेश्वर में ऐसे चढ़ा मतदान का ग्राफ
समयावधि मतदान प्रतिशत
= 9 बजे तक 9 फीसद
= 11 बजे तक 20 फीसद
= 1 बजे तक 30 फीसद
= 3 बजे तक 36.9 फीसद
= 5 बजे तक 45.65 फीसद