आजमगढ़ की छात्रा ने किया आइएस से जुड़े युवक संग निकाह
आइएस से जुड़े इस संदिग्ध आतंकी के विचारों से वह इस कदर प्रभावित हुई कि उसने फोन पर ही निकाह कर लिया।
वाराणसी (विकास बागी)। आजमगढ़ स्थित एक कॉलेज से मेडिकल की पढ़ाई कर रही युवती ने भारत में आइएस के लिए भर्ती होने के लिए बरगलाने वाले युवक से निकाह कर लिया है। आइएस से जुड़े इस संदिग्ध आतंकी के विचारों से वह इस कदर प्रभावित हुई कि उसने फोन पर ही निकाह कर लिया।
एनआइए ने बीते अप्रैल में आइएस से जुड़े संदिग्ध अमजद को गिरफ्तार कर लिया है और 24 वर्षीय मेडिकल छात्रा की गतिविधियों पर नजर रख रही है। युवती अभी तो निकाह के बाद आजमगढ़ में ही है। सुरक्षा एजेंसियों ने फिलहाल छात्रा की पहचान उजागर नहीं की है।
जानकारी के अनुसार चुरु, राजस्थान का रहने वाला 37 वर्षीय अमजद खान, आइएस आतंकवादी समूह के भारत के प्रमुख शफी अरमार से जुड़ा था। अमजद को भारत में जरुर-उल-खिलाफा-फिल-हिंद (जेकेएच) के लिए मुस्लिम युवाओं को प्रेरित करने व उन्हें भर्ती करने का दायित्व सौंपा गया था। जेकेएच, 2015-16 में आतंकी समूह की भारतीय शाखा अरमार द्वारा शुरू की गई थी।
आइएस आतंकी ग्रुप की शाखा जेकेएच के लिए भारतीयों को भर्ती व प्रेरित करने के आरोप में सऊदी अरब से अमजद खान को बीते माह ही निर्वासित किया गया था। सूत्रों के अनुसार वर्ष 2012 के अंत में अमजद आजमगढ़ के सरायमीर की मेडिकल छात्रा के संपर्क में आया और उसके साथ बातचीत शुरू कर दी थी। इस बीच अमजद सऊदी चला गया और वहीं से भारतीयों को आइएस में भर्ती के लिए बरगलाने लगा।
आजमगढ़ की मेडिकल छात्रा अमजद के साथ सोशल मीडिया के जरिये अल-ए-हदीस और इस्लाम पर चर्चा करती थी और उससे प्रभावित थी। आखिरकार प्रेम जाल में फंसाने के बाद अमजद ने उसे बताया कि वह विवाहित है और उसके दो बच्चे हैं। इसके बावजूद युवती उसके संग निकाह करने को तैयार थी। युवती ने सऊदी में रहकर भारत के युवाओं को आइएस में भर्ती के लिए बरगलाने वाले अमजद से बीते साल मई 2016 में मोबाइल फोन पर निकाह कर लिया।
निकाह से पूर्व जब 2014 में अमजद सऊदी में था तब उसने छात्रा को सीरिया आने के लिए भी प्रेरित किया था। अमजद ने उसे भरोसा दिया था कि सीरिया में रहने वाले शफी अरमार के माध्यम से उनकी यात्रा को सुविधाजनक बनाया जाएगा। हालांकि निकाह के बाद भी युवती सीरिया जाने को राजी नहीं हुई।
यह भी पढ़ें: बाराबंकी में चार वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास
बीते माह अमजद और उसके दो भाइयों को जब सऊदी सरकार ने संदिग्ध गतिविधियों के आरोप में निर्वासित कर भारत भेज दिया तब इनको एनआइए ने गिरफ्तार किया। सुरक्षा एजेंसियों ने मुद्दीर शेख की अगुवाई वाले भारत में संचालित जेकेएच संगठन के करीब 30 शातिरों को देशव्यापी छापे में गिरफ्तार किया था।
यह भी पढ़ें: रामपुर छेड़छाड़ मामले में 14 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज