जौनपुर में शादी से पहले दूल्हा हो गया लापता, परिवार में हड़कंप, पुलिस तलाश में जुटी
बक्शा थाना क्षेत्र के बर्जी गांव में शादी के दिन दूल्हे के घर न पहुंचने से परिवार में मातम सा छा गया है इसकी वजह से वर और वधू दोनों पक्षों में जश्न अब अफरा-तफरी के माहौल में बदल गया है।
जौनपुर, जेएनएन। बक्शा थाना क्षेत्र के बर्जी गांव में शादी के दिन दूल्हे के घर न पहुंचने से परिवार में मातम सा छा गया है। इसकी वजह से वर और वधू दोनों पक्षों में जश्न अब अफरा-तफरी के माहौल में बदल गया है। दुल्हन का परिवार इस घटना के बाद से सदमे में है। दोनों परिवारों के लोग दूल्हे की खोजबीन में जुटे हैं, लेकिन अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है।
कृपाशंकर यादव के बेटे सर्वेश यादव(25) की शादी सिकरारा थाना क्षेत्र के सोनपुरा खपरहा गांव निवासी महेंद्र कुमार यादव की पुत्री नेहा यादव के साथ होनी थी। शुक्रवार को बरात सोनपुरा खपरहा गांव जानी थी। दूल्हे व दुल्हन के घर में खुशनुमा महौल था। सभी मेहमान आ गए थे, इसी बीच यह स्थिति आ गई।
दूल्हा सर्वेश कुमार यादव एमबीए की पढ़ाई कर दिल्ली के एक मार्केटिंग कम्पनी में कार्य करता है। बुधवार को घर पर फोन कर बताया कि हम दिल्ली से शापिंग कर घर आ रहे हैं। घर वाले आश्वस्त हो गए कि गुरुवार को सर्वेश घर पर आ जायेंगे। गुरुवार की देर रात तक परिवार वाले सर्वेश की राह देखते रहे लेकिन वह घर नही आया। शुक्रवार को उसकी बारात जानी है लेकिन सर्वेश का कुछ पता नही लग सका।
परिवार के लोग दिल्ली में जाकर खोजबीन करने में लगे हुए हैं। परिवार के लोग मोबाइल पर लगातार सम्पर्क करते रहे लेकिन सर्वेश का मोबाइल बंद रहा। लोग सर्वेश को खोजने के लिये दिल्ली भी रवाना हो गये हैं। इधर पुलिस भी तहकीकात में लग गई है। इस सम्बन्ध बक्शा थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार यादव ने बताया कि इस मामले में अभी परिजनों की ओर कोई तहरीर नहीं दी गई है। यदि उनकी ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।