अब लेजर शो में गंगा का गुणगान
वाराणसी : काशी नगरी में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अधिकारियों ने कवायद शुरू कर दी है। गंगा आरती के
वाराणसी : काशी नगरी में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अधिकारियों ने कवायद शुरू कर दी है। गंगा आरती के बाद अस्सी घाट पर लेजर शो व सारनाथ में लाइट एंड साउंड शो के जरिए पर्यटकों को आकर्षित किया जाएगा। लेजर शो में गंगा का गुणगान होगा तो लाइट एंड साउंड शो में भगवान बुद्ध के उपदेशों को प्रदर्शित किया जाएगा।
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी रवींद्र कुमार ने बताया कि दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि के सहयोग से गंगा आरती शुरू कराई गई। यहां की गंगा आरती विश्व में विशिष्ट पहचान बना चुकी है। प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में विदेशी पर्यटक आरती देखने आते हैं। इसी तरह लाइट एंड साउंड शो व लेजर शो को लेकर योजना बनाई गई है। इस पर भी जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। जब ये चीजें एक साथ शुरू हो जाएंगी तो निश्चित तौर पर पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी। इससे यहां के व्यापार व रोजगार में भी इजाफा होगा।
अस्सी घाट पर लेजर शो
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी रवींद्र कुमार ने बताया कि अस्सी घाट पर लेजर शो के लिए डीपीआर तैयार करा लिया गया है। जल्द ही शासन को भेजकर स्वीकृति का प्रयास किया जाएगा। इस कार्य में लगभग सात से आठ करोड़ रुपये खर्च आएगा। लेजर शो में गंगा व उसकी महत्ता के बारे में बताया जाएगा। साथ ही काशी के प्रमुख घाटों से भी पर्यटकों को रूबरू कराया जाएगा। 45 मिनट से 60 मिनट के शो के लिए रिकार्डिग का काम शुरू हो चुका है।
सारनाथ में लाइट एंड साउंड शो
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी ने बताया कि सारनाथ स्थित पुरातत्व विभाग के परिसर में धम्मेख स्तूप के समीप लाइट एंड साउंड शो के लिए 7.33 करोड़ रुपया आ चुका है। निर्माण निगम की विद्युत इकाई द्वारा इसका काम जल्द ही शुरू करा दिया जाएगा। प्रयास यह होगा कि सितंबर तक इसका कार्य पूर्ण कराकर दो अक्टूबर को इसका उद्घाटन कर दिया जाए।