मतदान के ठीक पहले दो प्रत्याशी भेजे गए जेल
सेवापुरी : विकास खंड सेवापुरी में शनिवार को प्रथम चरण का मतदान होना है। इसके ठीक पहले शुक्रवार को अर
सेवापुरी : विकास खंड सेवापुरी में शनिवार को प्रथम चरण का मतदान होना है। इसके ठीक पहले शुक्रवार को अर्जुनपुर गांव में प्रधान पद के दो प्रत्याशी व उनके समर्थक आमने-सामने आ गए। जमकर मारपीट हुई जिसमें पुलिस ने दो प्रधान प्रत्याशी संजय दुबे और विद्यासागर पटेल समेत पांच लोगों को जेल भेज दिया। मामले में दो सपा नेता महेंद्र यादव व बुझारत यादव थाने पर पहुंचे और हंगामा करने लगे। उसी समय एसपी ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और उन्हें गिरफ्तार करवा जेल भेजवा दिया।
प्रधान चुनाव के लिए दोपहर में एक पक्ष के लोग हरिजन बस्ती में प्रचार के लिए पहुंचे। इसी दौरान विरोधी पक्ष के लोग प्रचार करते दिखाई दिए। दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई। इसके बाद एक पक्ष ने विरोधियों की पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद बचाने आई महिलाओं समेत आधा दर्जन लोगों की लाठी-डंडे से पीट दिया। शाम को पटेल बस्ती में भी दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। वहां भी मारपीट हुई। इसमें दोनों बस्ती से लालचंद, सुभाष, बच्चालाल, छब्बी देवी, रीमा देवी, शीला देवी, सुशीला देवी, शोहरत, मनोज, मुनाऊ, संजय को चोट लगी है। तीन को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर वहां पहुंची पुलिस ने प्रधान प्रत्याशी समेत पांच लोगों को शांतिभंग की आशंका में जेल भेज दिया। बवाल को देखते हुए एसओ, सीओ और एसडीएम मौके पर पहुंच गए। अगले दिन मतदान को देखते हुए चौकसी बढ़ा दी गई है।