चुनावी रंजिश में भिड़े लोग , सात घायल
वाराणसी : ग्रामप्रधान चुनाव के मतदान पूर्व ही देहात क्षेत्रों में रंजिश का दौर शुरू हो गया। कपसेठी थ
वाराणसी : ग्रामप्रधान चुनाव के मतदान पूर्व ही देहात क्षेत्रों में रंजिश का दौर शुरू हो गया। कपसेठी थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर गाव में बुधवार की रात दो प्रत्याशियों के समर्थक भिड़ गए। जमकर मारपीट हुई, जिसमें सात लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार सेवापुरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। इस बाबत दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव में महेन्द्र दुबे के घर पर शादी की तैयारी चल रही थी। दरवाजे पर मिठाई बनाने का काम चल रहा था। उसी दौरान रात करीब 10 बजे पंकज दुबे कार से महेंद्र दुबे के यहां जा रहे थे। दूसरे पक्ष के लोग भी रास्ते पर आ गए। दोनों पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी चल रही थी कि दोनों पक्ष आमने सामने हो गए। देखते ही देखते लाठी, डंडा, लात घूंसे चलने लगे। कार क्षतिग्रस्त कर दी गई।
सेवापुरी प्रतिनिधि के अनुसार मारपीट में होरी लाल पटेल, सभाजीत पटेल, विकास पटेल, लवकुश, आकाश व पंकज दुबे घायल हो गए। दूसरे पक्ष का कहना है कि प्रधान प्रत्याशी के दरवाजे पर लोग बैठे थे जहा दूसरे पक्ष के लोग नारेबाजी करने लगे। विरोध करने के कारण विवाद हुआ। दूसरे पक्ष के राजेंद्र पटेल को भी चोट आई। घटना की जानकारी कंट्रोल रूम को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
पंकज दुबे का आरोप है कि दस हजार रुपये भी लोग छीन लिए। इस मामले में पंकज दुबे की तहरीर पर 12 लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट, गाली गलौज, धमकी, आचार संहिता का उल्लंघन सहित अन्य आरोपों के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। दूसरे पक्ष से राहुल दुबे की तहरीर पर सात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई।
दूसरी ओर जंसा प्रतिनिधि के मुताबिक बरेमा गांव में एक दूसरे पर पैसा व शराब बांटने का आरोप लगाते हुए महिला ग्राम प्रधान प्रत्याशियों के देवर प्रमोद सिंह व पुत्र आजाद सिंह भिड़ गए। उनके समर्थक भी मारपीट करने लगे। घटना से अफरातफरी मच गई। जानकारी मिलते ही रामेश्वर चौकी प्रभारी विनोद कुमार मिश्र मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। इसके बावजूद भी नहीं मानने पर चौकी प्रभारी ने दोनों पक्षों के आठ लोगों को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार प्रवीण, आजाद, दीपू सिंह, प्रमोद, अरविंद, रामकृपाल, सुरेंद्र सिंह व विनय सिंह को एसडीएम राजातालाब के सामने पेश किया। एसडीएम ने सभी की जमानत अर्जी खारिज करते हुए जेल भेज दिया।
----------
प्रत्याशियों पर आचार संहिता
के उल्लंघन का मामला दर्ज
वाराणसी : चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में गुरुवार को मंडुआडीह थाने में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए। मंडुआडीह की प्रधान प्रत्याशी शशि मौर्य, उनके पति आनंद मौर्य, लाइका मौर्य, उनके पति कुमार सिद्धार्थ, निशि मौर्य व पति दिनेश मौर्य का आरोपी बनाया गया है। इसके अलावा शिवदासपुर की प्रधान प्रत्याशी रीता गुप्ता व उनके पुत्र चन्दन गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।