गंगा के जलस्तर में धीमा घटाव, वरुणा किनारे सांसत
वाराणसी : गंगा में शनिवार को देर शाम जलस्तर 68.63 मीटर दर्ज किया गया। शुक्रवार की रात से शुरू हुआ
वाराणसी : गंगा में शनिवार को देर शाम जलस्तर 68.63 मीटर दर्ज किया गया। शुक्रवार की रात से शुरू हुआ घटाव का क्रम शनिवार को भी जारी रहा। लगभग एक सेमी प्रतिघंटे की रफ्तार से गंगा घट रही हैं। दूसरी ओर वरुणा का पानी तटवर्ती मोहल्लों में दाखिल होकर लोगों को पलायन करने के लिए विवश कर रहा है।
शुक्रवार की सुबह गंगा में उफान से वरुणा नदी का पानी घरों की ओर चल पड़ा था। जलस्तर में बढ़ाव को देखते हुए कोनिया घाट पर वरूणा का पानी रोक दिया गया था। वहीं तिनपुरवा क्षेत्र में मनहर से आ रहा नाला ओवरफ्लो होने से घरो में गंगा का पानी घुस गया था। गंदे पानी के तेज दुर्गध से अमरपुर मडिया, किडवाघाट, नक्खी घाट आदि क्षेत्रों में लोग घर छोड़ने को विवश हो गए थे, किंतु शनिवार को स्थिति तेजी से बदली। गंगा के जलस्तर में घटाव से वरुणा तटवासियों को भी राहत मिली। हालांकि सतर्कता बरती जा रही है।
जवानों को अलर्ट रहने के निर्देश..
जल पुलिस के जवानों को सतर्क किया गया है। मोटरबोट सहित जीवन रक्षक जैकेट व अन्य उपकरणों की चाक-चौबंद व्यवस्था रखने को कहा गया है। गंगा किनारे गश्त के निर्देश दिए गए हैं। नाविकों को नाव या बजड़े पर क्षमता से अधिक यात्रियों को न बिठाने को कहा गया है।
तटवर्ती मकानों को खतरा..
गंगा व वरुणा के जलस्तर से पुराना पुल क्षेत्र के रेलवे लाइन के किनारे के भवनों को खतरा उत्पन्न हो गया है। इनमें से कुछ जर्जर भवन धराशायी हो सकते हैं। तटवर्ती इलाकों में सतर्कता बरती जा रही है। गंगा किनारे प्रमुख घाटों का आपस में संपर्क अब भी टूटा हुआ है।