बनाई जा रही मेधावियों की सूची
वाराणसी : संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में 19 दिसंबर को होने वाले दीक्षांत समारोह के निमित्त तै
वाराणसी : संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में 19 दिसंबर को होने वाले दीक्षांत समारोह के निमित्त तैयारी तेज कर दी गई है। समारोह को भव्य बनाने की दिशा में विचार मंथन लगातार चल रहे हैं। कहीं भी किसी भी स्तर पर चूक न हो जाए इस पर विशेष नजर रखी जा रही है। समारोह में मेधावियों को उपाधि देनी है सो उनकी सूची भी बनाई जा रही है। सूची बनाने के दौरान विभिन्न तथ्यों को भी ध्यान में रखा जा रहा है ताकि इसमें भी कहीं चूक न होने पाए। व्यापक जांच- पड़ताल की जा रही है। इसके बाद भी अंतिम सूची तैयार होगी।
दरअसल वर्ष 2010 में मेधावियों की सूची को लेकर सवाल खड़े हो गए थे। इसका परिणाम था कि अंतिम दौर में दो मेधावियों के मेडल रोक दिए गए। उस स्थिति को नजर में रखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन भी काफी सतर्क है। इस दफा कोई चूक नहीं छोड़ना चाहता। स्वर्ण पदक पाने वाले छात्रों की सूची बनाने के लिए मेधावियों के अंक आदि का मिलान किया जा रहा है। दीक्षांत में विभिन्न पाठ्यक्रमों के मेधावियों को करीब 43 मेडल मिलने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा दीक्षांत समारोह में शास्त्री-आचार्य सहित अन्य पाठ्यक्रमों के करीब 30,000 छात्रों को उपाधि वितरित की जाएंगी।