तीसरी बार कमान संभालेंगे अनुज डिडवानिया
वाराणसी : पीएनयू क्लब के प्रतिष्ठापरक चुनाव में रविवार को अनुज डिडवानिया तीसरी बार अध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुने गए।
छावनी क्षेत्र स्थित (प्रभु नारायण यूनियन क्लब) पीएनयू क्लब के पदाधिकारियों का वार्षिक चुनाव क्लब भवन में हुआ। 2014-15 के लिए लगातार तीसरी बार अनुज डिडवानिया के हाथ में क्लब की बागडोर सौंपी गई। डिडवानिया के खिलाफ किसी भी प्रत्याशी के मैदान में न होने से उनका चुनाव निर्विरोध हुआ। सचिव पद पर अशोक वर्मा लगातार दूसरी बार निर्वाचित हुए। उनको 357 मत मिले जबकि उनके प्रतिद्वंदी सुनील जायसवाल को 95 मत ही प्राप्त हुए। चुनाव में कुल 924 में 457 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
कड़ा मुकाबला : कार्यकारिणी सदस्य बनने के लिए दस प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। इसमें 7 सदस्य निर्वाचित घोषित हुए। बलबीर सिंह बग्गा (398) मोहन दास गुजराती (314) मोहित कपूर (382) राजीव सिंह सेंगर (368) राजीव गिनोडिया (315) राजेश संड (328) डा.संजीव सिंह (293) विजयी घोषित किए गए। 9 घंटे की चुनाव प्रक्रिया के बाद रात 9.15 बजे कार्यकारिणी सदस्यों का नाम घोषित हुआ।
'हर-हर महादेव' से स्वागत
मुख्य हाल में आने के बाद उपस्थित लोगों ने अपने स्थान पर खड़े होकर 'हर-हर महादेव' के उद्घोष से नए पदाधिकारियों का स्वागत किया।
नए अध्यक्ष की प्राथमिकताएं
नए अध्यक्ष अनुज डिडवानिया ने निर्विरोध चुने जाने के बाद अपनी प्राथमिकताएं गिनाई।
-फैमिली रूम व शेड का निर्माण।
-स्वीमिंग पूल बनाने का प्रयास।
-क्लब के संविधान में संशोधन कर इसे और मजबूत बनाना।
मुख्य चुनाव अधिकारी डा.अनिल कुमार श्रीवास्तव, सह चुनाव अधिकारी अशोक कुमार खन्ना व सुशील कुमार सोनी की देखरेख में चुनाव सम्पन्न हुआ। चुनाव संयोजन में डा.कैलाश प्रसाद, सुरेन्द्र सिंह, राकेश गुलाटी, विकास दुबे आदि शामिल रहे।