सिपाही के पति को बदमाशों ने मारी गोली
वाराणसी : बाइक सवार बदमाशों ने रविवार की शाम महिला थाने में कार्यरत एक सिपाही के पति मिथलेश सिंह (38 वर्ष) को शिवपुर थाना क्षेत्र के क्राइस्ट नगर में गोली मार दी। गोली उनके दाएं कंधे में लगी। गंभीर हालत में उन्हें मलदहिया स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिवार के लोगों ने गोली मारने की वजह जमीन विवाद बताते हुए तहरीर दी है। स्थिति स्पष्ट करने के लिए पुलिस युवक के होश में आने का इंतजार कर रही है।
मूलरूप से मेड़वा, धानापुर (चंदौली) के रहने वाले मिथलेश सिंह की पत्नी पम्मी सिंह महिला थाने में सिपाही हैं। बड़े भाई नंदी सिंह टै्रफिक पुलिस में सिपाही हैं। मिथिलेश परिवार के साथ पुलिस लाइन में रहते हैं। उन्होंने शिवपुर थाना क्षेत्र के क्राइस्टनगर (चांदमारी) में बहन और साढ़ू के साथ छह बिस्वा जमीन ली थी। जमीन की बाउंड्री के साथ पार्टिशन करा रहे थे। शाम छह बजे अंधेरा घिर आया था तभी बाइक से पहुंचे बदमाशों ने मिथलेश को लक्ष्य करके गोली चलाई। गोली मिथलेश के दाएं कंधे में लगी। वह जब तक कुछ समझते, बदमाश बाइक से भाग निकले। मिथिलेश ने खुद मोबाइल से घटना की जानकारी कंट्रोल रूम को दी और बेहोश हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस उन्हें लेकर पं. दीनदयाल अस्पताल पहुंची। यहां से उन्हें मलदहिया स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल में लाया गया।
मुर्दहा में जमीन का है विवाद
परिवार वालों का आरोप है कि मिथलेश को जमीन विवाद में गोली मारी गई है। पिता झारखण्डेय सिंह ने चोलापुर थाना क्षेत्र के मुर्दहां में एक बीघा जमीन एक किसान और उसके भाइयों से खरीदी थी। जमीन में छह भाइयों की हिस्सेदारी है। इनमें से पांच ने झारखण्डेय सिंह के पक्ष में रजिस्ट्री कर दी है जबकि छठवां भाई जमीन बेचने को तैयार नहीं था। उसे समझाने-बुझाने की काफी कोशिश की गई लेकिन वह मानने के लिए तैयार नहीं हुआ। इस बीच जब भी मिथलेश जमीन पर कब्जा लेने के लिए मुर्दहां पहुंचते थे वह उन्हें रोक देता। मजदूर-मिस्त्री को भगाकर काम रोक देता था, साथ ही मारपीट पर उतारू हो जाता था। इस बात को लेकर चार साल पहले उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। परिवार वालों को आरोप है कि उसके इशारे पर ही बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने उसके खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मिथलेश के होश में आने का इंतजार कर रही है। उनसे पूछताछ के बाद मुकदमा दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई करेगी।