सपा की महिलाओं ने रोहनिया में संभाला मोर्चा
वाराणसी : रोहनिया उपचुनाव में समाजवादी पार्टी भी पूरी तैयारी कर ली है। मेन बाडी के अलावा युवाओं के साथ ही महिलाओं ने भी व्यापक रणनीति बनाई है। इसके तहत महिला कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर तक की जिम्मेदारिया संभालने का निर्णय लिया है।
रोहनिया स्थित सपा के केंद्रीय चुनाव कार्यालय में सोमवार को सपा महिला सभा के पदाधिकारियों की एक बैठक भी हुई। इसमें प्रदेश के परिवहन मंत्री दुर्गा प्रसाद व डा. रामदुलार राजभर भी उपस्थित थे। बैठक में महिला सभा को बूथ स्तर तक की जिम्मेदारी संभालने का निर्देश दिया गया। इस दौरान लोगों के घरों तक जाकर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को बताने का निर्देश दिया गया। मंत्री ने कहा कि जन कल्याणकारी योजनाओं को जनता के बीच ले जाने की जरूरत है। सचेत किया कि चुनाव बाद महिलाओं की भागीदारी की समीक्षा की जाएगी। वहीं महिला पदाधिकारियों ने भी चुनाव में पूरी ताकत से कार्य करने का भरोसा दिलाया। कहा कि रोहनिया विस क्षेत्र के जोन, सेक्टर व बूथ स्तर पर बांटा गया है। प्रत्येक मोर्चे पर महिलाएं मोर्चा संभालेंगी। कहा कि रणनीति के तहत पार्टी से अधिक संख्या में महिलाओं को जोड़ने की कवायद की जा रही है।
बैठक में सपा प्रत्याशी महेंद्र सिंह पटेल, रतन यादव, शशि यादव, यशोदा, मीनाक्षी, शीला, कुसुम, प्रियांशु, उमा यादव, दयावंती, रेखा, अंजली, कन्हैया राजभर, संतोष यादव, आदि पदाधिकारी उपस्थित थे। महिला सभा की जिलाध्यक्ष आशा यादव ने अध्यक्षता की।