व्यापारियों को मिले पेंशन का लाभ
वाराणसी : उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने कहा कि व्यापारियों को पेंशन मिलनी चाहिए। पेंशन लाभ का काफी अर्से से मांग की जा रही है। यदि मांग नहीं मानी गई तो व्यापारी आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि दुर्घटना बीमा को सामान्य बीमा के रूप में किया जाए। व्यापारियों व उद्यमियों की सुरक्षा के लिए व्यापारी सुरक्षा आयोग का गठन किया जाए।
प्रदेश अध्यक्ष सोमवार को लक्सा स्थित मारवाड़ी युवक संघ में आयोजित प्रांतीय कार्य समिति की बैठक के बाद मीडिया से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार व्यापारियों की समस्याओं को लेकर गंभीर है।
मंडी शुल्क का रास्ता साफ
प्रदेश सरकार सुपाड़ी व सिंघाड़ा से मंडी शुल्क समाप्त करने पर राजी हो गई है। सितंबर के आखिर तक मंडी परिषद कार्यालयों में आदेश आ जाएंगे। जीरा और सौंफ पर मंडी शुल्क एक फीसद होगा। प्रदेश सरकार द्वारा सौंफ, सुपाड़ी, सिंघाड़ा, जीरा पर बढ़ाए गए मंडी शुल्क के विरोध में प्रदेश के व्यापारियों ने सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करके ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद मंडी निदेशक के साथ मंडल पदाधिकारियों की बैठक हुई जिसमें मंडी शुल्क हटाने का निर्णय लिया गया।
अक्टूबर में होगा चुनाव
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल का प्रांतीय त्रैवार्षिक चुनाव 28-29 अक्टूबर को मेरठ में होगा। इसमें प्रदेश के सभी जनपदों के व्यापार मंडल के पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में मंडल अध्यक्ष राकेश जैन, महामंत्री राजकुमार शर्मा, घनश्याम जायसवाल, मदन मोहन अग्रवाल, विजय यादव, पवन मोदी, राकेश पांडेय, केशरी नंदन, सोना लाल सेठ, राजेंद्र खन्ना, लखनलाल गुप्ता, कुमार लाल सचदेवा, दुर्गा प्रसाद, विनोद मिश्रा आदि ने विचार व्यक्त किए।