घरों के आसपास लगाएं पांच-पांच पौधे
जागरण संवाददाता, वाराणसी : जिलाधिकारी प्राजल यादव ने कहा कि पर्यावरण संतुलन में वृक्षों की अत्यन्त महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ने लोगों से अपने-अपने घरों के आसपास कम से कम पांच-पांच पौध जरूर लगाने की लोगों से अपील की।
पहले दिन एक लाख लगाए गए पौधे जिलाधिकारी शुक्रवार को वृहद पौध रोपण कार्यक्रम के अन्तर्गत काशी कृषक इण्टर कालेज-हरहुआ में अभियान की शुरुआत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वाराणसी जिले में वन का क्षेत्रफल कम है। ऐसी स्थिति में पौधरोपण कार्यक्रम की प्रासंगिकता और भी बढ़ जाती है। कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को प्रत्येक विकास खण्ड में बीस-बीस हजार पेड़ लगाए जाएंगे। वृहद पौधरोपण अभियान के तहत आज जिले में एक लाख पेड़ लगाए गए। इसके पूर्व डीएम ने विद्यालय स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यापर्ण किया। प्रतीक स्वरूप पौधरोपण भी किया।
चिरईगांव विकास खंड के मुस्तफाबाद ग्रामसभा में भी जिलाधिकारी ने पौधरोपण किया। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों ने पीने के पानी की समस्या, पाइपलाइन ध्वस्त होने से सिंचाई में होने वाली परेशानी, खराब ट्रांसफार्मर की समस्या से अवगत कराया।
चोलापुर, दानगंज में भी पौधरोपण किया गया।अपर जिलाधिकारी-प्रशासन, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, डिप्टी कमिश्नर मनरेगा, संबंधित खण्ड विकास अधिकारी एवं अन्य लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।