किराया वृद्धि स्वीकार नहीं
वाराणसी : पूर्वाचल की प्रमुख गल्ला मंडी विश्वेश्वरगंज के व्यापारियों ने कहा कि नगर निगम की तानाशाही नहीं चलने देंगे। दुकानों के बढ़ाए गए किराए किसी हाल में स्वीकार नहीं है। यदि इसे वापस नहीं लिया गया तो वे आंदोलन तेज करेंगे।
विश्वेश्वरगंज-भैरवनाथ व्यापार मंडल की रविवार को मंडल अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में उक्त निर्णय लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि नगर निगम की लगभग पांच दुकानें है जो खपरैल व जर्जर अवस्था में हैं। इन दुकानों का किराया 350 से 500 रुपये है। नगर निगम अधिकारियों ने बगैर किसी दुकानदार को सूचित किए अनाप-शनाप किराया बढ़ा दिया है जो अनुचित है। इसे वापस लिया जाए। महामंत्री अलखनाथ गोस्वामी ने कहा कि किराया वृद्धि के विरोध में नगर के व्यापारी एकजुट हैं। निगम अधिकारियों द्वारा उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो स्थिति विकट हो जाएगी।
बैठक में अशोक सेठ, खुर्शीद अख्तर, दिनेश चौरसिया, गणेश सेठ, अजय यादव, संतोष कुमार, शरद केशरी, अरुण गुप्ता आदि ने विचार व्यक्त किए।