सीडीओ ने संभाला नगर आयुक्त का चार्ज
वाराणसी : मंडलायुक्त चंचल तिवारी के आदेश पर नगर आयुक्त का प्रभार मुख्य विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद चौरसिया को सौंप दिया गया। दूसरी ओर नगर निगम में कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार और प्रदर्शन का दौर मंगलवार को भी जारी रहा। बाद में जिला प्रशासन के आश्वासन पर कर्मचारियों ने उन्हें ज्ञापन सौंपते हुए प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
नगर आयुक्त आरपी सिंह के निलंबन से क्षुब्ध कर्मचारियों ने पिछले दो कार्य दिवस की तरह ही मंगलवार को भी सभी कमरों का दरवाजा बंद कर निगम के मुख्य बरामदे में प्रदर्शन करते हुए सभा की। दोपहर बाद कर्मचारियों को समझाने महापौर रामगोपाल मोहले और एसीएम तृतीय पहुंचे। एसीएम ने कर्मचारियों से ज्ञापन लिया और उनकी मांग शासन के संज्ञान में लाने का भरोसा दिलाया। निलंबन को नगर निगम कर्मचारी संघ, नगर निगम कर्मचारी कल्याण समिति व नगर निगम संयुक्त कर्मचारी परिषद के संग उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ से जुड़े कर्मचारी अनुचित ठहराते हुए आंदोलन कर रहे थे। कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार के चलते जनता को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
दूसरी तरफ शाम को मुख्य विकास अधिकारी ने नगर आयुक्त का भी अतिरिक्त प्रभार संभाल लिया। उन्होंने अधीनस्थों के साथ बैठक कर निगम के कार्यो के बाबत मंत्रणा की।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर