इंद्रियों को वश में करना ही राज योग
उन्नाव, नगर संवाददाता: राजयोगिनी ब्रम्हाकुमारी बहन ऊषा दीदी ने कहा कि इंद्रियों को वश में करना ही राजयोग है। आज हर मनुष्य जीवन में संघर्ष कर रहा है। जीवन एक युद्धस्थल और संसार कुरुक्षेत्र। योग से ही मन को शांति मिलेगी। योग का भाव अध्यात्मिक भी होता है। अगर मानव अपने अंतर्मन में आध्यात्मिक भाव जागृत कर ले तो उसे सुख और शांति की अनुभूति होगी।
माउंट आबू राजस्थान से आयीं ऊषा दीदी शहर के नार्मल स्कूल में प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विवि उन्नाव सेवा केंद्र द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राजयोग द्वारा तनाव मुक्त जीवन तथा परिवारिक शांति एवं परमात्म अनुभूति शिविर में शिविर में प्रवचन दे रही थीं। उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2014 तक हर घर में एक व्यक्ति डिप्रेशन का रोगी होगा। महाभारत में अर्जुन भी डिप्रेशन का शिकार हुए थे। भगवान श्रीकृष्ण ने राजयोग का ज्ञान देकर ही उनके अंतर्मन के चक्षु खोले थे।
दीदी ने बताया कि जब मनुष्य को आत्मा और परमात्मा दोनों का ज्ञान होगा तो वह शक्ति प्राप्त कर सकेगा। शक्ति मांगने से नहीं ईश्वर से जुड़ाव से मिलती है। उन्होंने बताया कि शरीर व आत्मा को जोड़ कर जीवात्मा बनी है। शरीर में आत्मा को जीने के लिए सात गुणों आध्यात्मिक ज्ञान, पवित्रता, प्रेम, शक्ति, सुख, आनंद और शांति की आवश्यकता होती है।
शिविर के शुभारंभ पर ब्रह्मकुमारी मालती ने संस्था के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। ऊषा दीदी के साथ आए ब्रह्म कुमार विजय का भी स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में जेल अधीक्षक अनिल सुधाकर, पूर्व पालिका अध्यक्ष पंकज गुप्ता, हरिओम सिंह,मुन्ना सिंह अवधूत, राकेश सिंह मोहानी, रामकुमार पाण्डेय आदि ने स्वागत किया। राजयोग शिविर दो सत्रों में चल रहा है। सायं कालीन सत्र में राज्य सभा सदस्य ब्रजेश पाठक ने राजयोगिनी ऊषा दीदी का स्वागत कर आर्शीवाद लिया। संचालन ब्रम्हा कुमार भाई रामपाल ने किया।
बिजली और कानून-व्यवस्था के मामले में सपा सरकार विफल
राज्यसभा सांसद बृजेश पाठक ने कानून-व्यवस्था व बिजली समस्या के मुद्दे पर सपा सरकार को कठघरे में खड़ा किया। दोनों ही मामलों में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि स्थिति अभी और बिगड़ेगी।
मंगलवार को बसपा सांसद लोहचा में आयोजित बाला जी इंटर कालेज कार्यक्रम में भाग लिया। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि बसपा सरकार में कानपुर से ज्यादा बिजली उन्नाव को मिलती थी। आज व्यवस्था ही ध्वस्त है। अपराधियों का बोलबाला है। कानून-व्यवस्था के नाम पर थानों में रिपोर्ट तक दर्ज नहीं होती है। अपराध बढ़ने से आम आदमी का जीना दूभर है। विकास कार्य बयानबाजी तक ही सीमित हैं। कार्यक्रम संयोजक संजय मिश्र, शिव आशीष बाजपेई ने सभी का स्वागत किया। व्यवसायी बाबूलाल मिश्र, हरिओम सिंह, मुन्ना सिंह अवधूत, एसके बाजपेई, ममता मिश्र, कल्लू व एरियर प्रबंधक दानिश खान उपस्थित थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर