चार एलकेएम निरस्त, यात्री रहे परेशान
शुक्लागंज, संवाद सहयोगी : गुरुवार को चार एलकेएम ट्रेनों के निरस्त रहने से यात्रियों को घोर दिक्कतों
शुक्लागंज, संवाद सहयोगी : गुरुवार को चार एलकेएम ट्रेनों के निरस्त रहने से यात्रियों को घोर दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गंगाघाट रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के आने के इंतजार में तमाम यात्री काफी देर तक बैठ कर ट्रेनों का इंतजार करते रहे। उन्हें इस बात की सूचना नहीं थी। लेकिन जब उन्हें पता चला कि गुरुवार को चार एलकेएम ट्रेनें नहीं आएंगी वह 12 सितंबर तक एक दिन छोड़ कर एक दिन निरस्त रहेंगी, तो वह लोग नाराजगी जताने लगे।
स्टेशन अधीक्षक के दफ्तर में जाकर शिकायत की कि जब ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया था तो इसकी जानकारी यात्रियों को दी जानी चाहिए थी। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि एलकेएम 64212, एलकेएम 64252, एलकेएम 64205 व एलकेएम 64209 गुरुवार को निरस्त कर दी गई हैं। यह सभी ट्रेनें आगामी 12 सितंबर तक एक दिन छोड़ कर एक दिन निरस्त रहेंगी। इन ट्रेनों के निरस्त रहने के कारण यात्रियों को परेशान होना पड़ा। सबसे ज्यादा दिक्कत दैनिक यात्रियों को हुई। यात्रियों को दूसरे साधनों से गंतव्य को जाना पड़ा। इसे लेकर यात्रियों में खासी नाराजगी रही। उनका कहना था कि रेलवे विभाग मनमाने ढंग से ट्रेनों का संचालन करा रहा है। पैसेंजर ट्रेनों को मनमाने तरीके से निरस्त कर देता है। एलकेएम ट्रेनों में हजारों यात्रियों का रोजाना आवागमन रहता है। इन ट्रेनों के निरस्त कर दिए जाने से दैनिक यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है।