बेलगाम टेंपो, बाधित हो रहा फोरलेन का यातायात
शुक्लागंज, संवाद सहयोगी : बेलगाम होते जा रहे टेंपुओं की वजह से राजधानी मार्ग पर फोर लेन सड़क का याताय
शुक्लागंज, संवाद सहयोगी : बेलगाम होते जा रहे टेंपुओं की वजह से राजधानी मार्ग पर फोर लेन सड़क का यातायात रोजाना बाधित हो रहा है। बेलगाम टेंपो चालकों की मनमानी से पोनी रोड तिराहे के पास लोगों के ड्यूटी जाने के समय जाम लगा रहता है। जिससे लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। टेंपो चालकों की अराजकता दिनों दिन बढ़ती जा रही है। पुलिस की बेगार करने के कारण उसका भी इन पर कोई अंकुश नहीं रह गया है। पहले जब सड़क सकरी हुआ करती थी तब भी यहां पर जाम लगा रहता था, और अब जब सड़क का चौड़ीकरण हो गया है तब भी इनकी मनमानी के चलते राजधानी मार्ग पर ड्यूटी के समय जाम जैसे हालात रहते हैं।
गंगाघाट थाने के सामने से संचालित हो रहे इस अवैध टेंपो स्टैंड पर टेंपो चालक अराजकता पर उतारू हो गए हैं। वह सड़क के बीच दोहरी व तेहरी लाइन लगा कर टेंपो में सवारियां भरने लगते हैं। जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। रही सही कसर ई-रिक्शा वालों ने सड़कों पर बीच तक जमावड़ा लगाकर पूरी कर दी है। सवारियों को भरने के चक्कर में बीच सड़क तक टेंपो खड़ी करके यह लोग भी यातायात बाधित कर रहे हैं। उधर पोनी रोड तिराहे पर खड़े होने वाले ई-रिक्शा चालकों के कारण दिन में ज्यादातर समय वहां पर जाम लगता है। पोनी रोड तिराहे पर ड्यूटी करने वाली पुलिस मौन होकर यह तमाशा देखती रहती है। जाम में फंसने वाले राहगीरों का कहना है कि टेंपो अराजकता इन दिनों चरम पर है। टेंपो वाले पूरी तरह से मनमानी कर रहे हैं। सुबह 9 बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक यह सवारियों को भरने के चक्कर में दोनों ओर बीच सड़क तक टेंपो खड़ा रखते हैं। जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। इस रास्ते से होकर गुजरने वाले लोगों का कहना है कि जब इन लोगों की इस तरह से मनमानी चलती रहेगी तो फिर तो फोरलेन बनने से फायदा ही क्या।
क्या कहते जिम्मेदार
इस संबंध में सीओ सिटी राम अर्ज का कहना है कि वह किसी भी हाल में टेंपो वालों को मनमानी और अराजकता नहीं करने देंगे। उन्होंने बताया कि वह पुलिस को भेज कर बीच सड़क तक खड़े होने वाले टेंपो चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।