सिर पर कुल्हाड़ी मार मौत के घाट उतारा
सुमेरपुर संवाद सूत्र : बारा थाना क्षेत्र के गांव रौतापुर में गुरुवार रात कुल्हाड़ी से घर के बाहर सो
सुमेरपुर संवाद सूत्र : बारा थाना क्षेत्र के गांव रौतापुर में गुरुवार रात कुल्हाड़ी से घर के बाहर सो रहे युवक की नृशंस हत्या कर दी गई। मृतक के बड़े भाई ने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
ग्राम रौतापुर में गुरुवार रात किसी ने घर के सामने छप्पर के नीचे दरवाजे पर सो रहे 45 वर्षीय अशोक के सिर पर कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। जब सुबह पत्नी रंजना घर से बाहर निकली तो पति को खून से लथपथ देख होश उड़ गए। उसकी चीख सुन परिजन भी घर से निकले और कोहराम मच गया। परिजनों की सूचना पर एसओ मनोज मिश्र ने घटना स्थल पर पहुंच परिजनों और गांव के लोगों से जानकारी लेकर हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया। पुलिस ने डाग स्क्वायड की सहायता ली। कुत्ता घटना स्थल से प्राथमिक विद्यालय तक जाकर वापस लौट आया। इससे पुलिस को हत्यारों का कोई सुराग नहीं मिल सका। अशोक का रंजना से 17 वर्ष पूर्व विवाह हुआ था। दंपती के कोई संतान नहीं थी। वह घर के दरवाजे पर ही लोहारी का कार्य कर जीविकोपार्जन कर रहा था। अशोक के दो भाई और हैं, जिनके बीच केवल एक ही बीघा जमीन है। लोगों का कहना था कि मृतक का किसी से कोई विवाद नहीं था। पर प्रश्न अब यह उठता है कि आखिर अशोक की हत्या क्यों की गई। पुलिस इस सवाल का जवाब खोजने में उलझी है। थानाध्यक्ष ने कहा कि प्रयास चल रहा है शीघ्र ही घटना का पर्दाफाश होगा।