7100 दीपों से जगमगाया आनन्द घाट
शुक्लागंज, जागरण संवाददाता: नित्य गंगा आरती सेवा समिति की ओर से कार्तिक पूर्णिमा के दूसरे दिन गुरुवा
शुक्लागंज, जागरण संवाददाता: नित्य गंगा आरती सेवा समिति की ओर से कार्तिक पूर्णिमा के दूसरे दिन गुरुवार को आनंद घाट पर देव दीपावली मनाई गई। श्रद्धालुओं ने 7100 दीप जलाकर पहले आनन्द घाट को सजाया जो देखने में अति मनमोहक नजारा रहा। इसके बाद जलते हुए दीपों को जैसे ही गंगा में प्रवाहित किया गया मानो पूरा देवलोक ही धरती पर उतर आया हो। इससे पहले शाम लगभग पांच बजे श्रद्धालुओं ने पतित पावनी मां गंगा की बड़े ही श्रद्धा भाव से महाआरती उतारकर उनसे सुख और समृद्धि की कामना की।
सुबह से आनंद घाट पर समिति के सदस्यों द्वारा परंपरागत ढंग से खिचड़ी के बनाए जाने की तैयारियां होती रहीं। दोपहर के समय लगभग दो बजे जैसे ही खिचड़ी बनकर तैयार हुई उसे वहां श्रद्धालुओं को परोसा गया। खिचड़ी के साथ दही बड़े, चटनी, अचार व सलाद का भी लोगों ने आनंद लिया। इस मौके पर घाट पर मौजूद श्रद्धालुजन भजन कीर्तन का भी श्रवण करते रहे। समिति के संयोजक राकेश दीक्षित ने बताया कि उनकी समिति प्रत्येक वर्ष देव दीपावली का पर्व आनंद घाट पर परंपरागत तरीके से मनाती चली आ रही है। उन्होंने बताया कि यह देव दीपावली मनाने का नवां वर्ष है। इस मौके पर मुख्य रूप से सीरध्वज तिवारी, अवधेश दुबे, बृजकिशोर त्रिपाठी, सरवन, इंद्रेश शुक्ला, जुगुल त्रिपाठी, केदारनाथ तिवारी, दीपू पंडित, रवि तिवारी, शीबू तिवारी, राधाकिशन अवस्थी, महेश पांडेय, राजीव शुक्ला, गुड्डू गंगा प्रेमी, संतोष शर्मा, अमित बाजपेई, जितेन्द्र सिसोदिया मौजूद रहे।
जमकर हुई आतिशबाजी
आनन्दघाट पर महिलाओं, युवतियों व बच्चों ने भी देव दीपावली के कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर भाग लिया। मां गंगा की महाआरती के बाद सभी ने खुशी का इजहार कर फुलझड़ियां, अनार, व आसमानी पटाखे छुड़ाए जो कि आकर्षण का केन्द्र रहे। इस मौके पर हुई आतिशबाजी से आसमान सतरंगी हो गया। गगनचुंबी आतिशबाजी के नजारे को देखकर लोग रोमांचित हो उठे।