नवीन पुल बना अराजकतत्वों का अड्डा
शुक्लागंज, संवाद सहयोगी : नवीन पुल पर यातायात चालू होने के बाद से राहगीरों ने बड़ी राहत की सांस महसूस
शुक्लागंज, संवाद सहयोगी : नवीन पुल पर यातायात चालू होने के बाद से राहगीरों ने बड़ी राहत की सांस महसूस की है। देर शाम इस पुल से गुजरना किसी के लिए बड़े खतरे से कम भी नहीं है। पुल पर लाइटें तो लगी हैं पर अभी इन्हें जलाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। सूर्य ढलते ही पुल पर अंधकार फैलने लगता है और दोनों ओर बने फुटपाथ पर लग जाता है अराजकतत्वों का अड्डा। शांति व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी उठाने वाली पुलिस की लापरवाही के कारण अराजकतत्वों के हौंसले इतने बुलंद हैं कि यहां से गुजरने वाले राहगीरों से अभद्रता तक कर देते हैं।
बता दें लंबे इंतजार के बाद नवीन पुल को आम लोगों के लिए करीब एक माह पूर्व शुरू किया गया था। शुरुआत में पुल पर सिर्फ वन वे नियम लागू करने का फैसला दोनों जिलों के डीएम ने लिया था, जो आज तक लागू नहीं किया जा सका। पुल तो शुरू कर दिया गया था पर लापरवाही के चलते किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने रात को पुल पर प्रकाश करने वाली लाइटों को चालू करवाने के विषय में नहीं सोचा। परिणाम स्वरूप रात को यहां से गुजरने वाले राहगीर भय के साये में पुल पार करते हैं। जबकि, दोनों ओर फुटपाथों पर देर रात तक अराजकतत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। शराब के नशे में धुत अराजकतत्वों कभी किसी के साथ लूट की घटना को तो कभी किसी महिला या युवती के साथ छेड़छाड़ की घटना को अंजाम देते हैं। प्राप्त जानकारी अनुसार हाल ही में नगर से एक सवारी को छोड़ कर कानपुर की ओर जा रहे रिक्शा चालक को एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने अंधेरे का फायदा उठा करा तमंचे की दम पर रोक लिया और उसे पीट कर तीन सौ रुपए छीन कर भाग निकले थे।
सेतु निगम के एमडी ने किया निरीक्षण
मंगलवार को सेतु निगम लखनऊ के एमडी राज मित्तल नवीन पुल पर कानपुर की ओर से आते वक्त रुक गए। यहां उन्होंने नवीन पुल को देख कर मातहतों से पुल के संबंध में अन्य जानकारियों हासिल की। नवीन पुल पर प्रकाश की व्यवस्था न होने की बात पूछने पर साथ में मौजूद अन्य मातहतों को लाइटों को जल्द चालू कराने के निर्देश दिए हैं।