होली की उमंग के रंग में रंगे रहे
उन्नाव, जागरण संवाददाता : होली की उमंग की तरंग गुरुवार को इस कदर लोगों में छायी रही कि वह होलिका दहन
उन्नाव, जागरण संवाददाता : होली की उमंग की तरंग गुरुवार को इस कदर लोगों में छायी रही कि वह होलिका दहन के पहले ही रंगों से नहा कर उसके रंग में सराबोर हो गए। बच्चों ने जहां अपनी हमजोली में जी भरकर होली खेली वहीं युवकों और युवतियों तथा महिलाओं ने भी जमकर एक दूसरे को अबीर, गुलाल व रंग लगा कर जमकर होली खेली। बड़े व बूढ़े लोगों पर भी फागुनिया मस्ती सिर चढ़ कर बोली। उन्होंने भी अपनी-अपनी उम्र के साथियों को अबीर लगा कर उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं। घरों से लेकर मोहल्लों और सड़कों पर जगह-जगह होली की मस्ती में लोग सराबोर रहे।
शहर के सिविल लाइंस, बंदुहार, लोधनहार, कल्याणी, भूरी देवी, एबी नगर, आदर्श नगर, गांधीनगर, पीडी नगर, पीतांबर नगर, लोक नगर, तालिब सराय, कंजी, स्टेशन रोड, समेत तमाम इलाकों में लोगों ने जमकर होली की मस्ती की। इन क्षेत्रों के लोगों में होली का ऐसा रंग चढ़ा कि वह पूर्वान्ह लगभग 11 बजे से ही सड़कों पर आकर एक दूसरे को गुलाल व रंगों से रंगने लगे। महिलाओं और युवतियों और बच्चों ने होली के फिल्मी गीतों पर थिरकते हुए दूसरे लोगों को भी नाचने झूमने पर मजबूर कर दिया। आज बिरज में होरी रे रसिया, होली आई रे कन्हाई, रंग बरसे भीगे चुनरवाली, होलिया में उड़े रे गुलाल आदि गीतों पर राह चलते लोग भी अपने आप को नहीं रोक सके वह इन गीतों पर नाचते और झूमते रहे। कुल मिलाकर होलिका दहन के पहले ही लोग होली की उमंग की तरंग में डूबे रहे।