घरों में दौड़ा हाई वोल्टेज करंट, किशोर की मौत
असोहा, संवाद सूत्र : थाना क्षेत्र के गांव कंदरपुर, चंदनखेड़ा में रविवार को घरेलू विद्युत लाइन में 11 हजार लाइन का करंट दौड़ गया। इससे चाचा के घर स्टेपलाइजर ठीक कर रहे एक किशोर की मौत हो गई। जबकि गांव के लगभग 12 लोगों को करंट के झटके लगे। कई घरों में इलेक्ट्रानिक उपकरण फुंक गए।
रविवार को असोहा मजरा कंदरपुर और चंदनखेड़ा गांव में सुबह लगभग साढ़े सात बजे घरेलू विद्युत लाइनों में अचानक 11 हजार विद्युत लाइन का हाई वोल्टेज करंट दौड़ने लगा। इससे घरों के अंदर लगे बिजली के उपकरण जैसे टीवी, पंखा, सीडी प्लेयर, फ्रिज, कूलर आदि जलने लगे। इसी बीच गांव निवासी उदय चंद्र सोनी का 15 वर्षीय पुत्र हिमांशु सोनी जो घटना के समय अपने चाचा चंद्र प्रकाश सोनी के घर में मौजूद था वह पास में रखे स्टेपलाइजर को बंद करने के लगा। तभी वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना की जानकारी होते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और बेहोश हिमांशु को स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्सकों ने उन्हें जवाब दे दिया। परिजन उसे लेकर लखनऊ गए। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार घटना में गांव निवासी गोविंद शर्मा, मनोज तिवारी, भोले तिवारी, महेंद्र गुप्ता, अमित अवस्थी समेत 12 लोग करंट की चपेट में आकर आंशिक रूप से झुलस गए। जबकि 12 से अधिक घरों में हाई वोल्टेज करंट से इलेक्ट्रानिक उपकरण पूरी तरह से फुंक गए हैं।
एकलौते पुत्र की मौत से मातम
करंट की चपेट में आया हिमांशु अपने माता पिता का एकलौती संतान था। उसकी मौत की सूचना से पूरे गांव में चीखने चिल्लाने की आवाजों के सिवा और कुछ नहीं सुनाई दे रहा था।
विभागीय लापरवाही से रोष
हाईवोल्टेज करंट की घटना को लेकर दोनों गांवों के ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय अधिकारी कर्मचारी आए दिन हो रही इस प्रकार की घटनाओं के बाद नहीं चेत रहे हैं। जिसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकांश क्षेत्र में हाईटेंशन विद्युत लाइनों के तार काफी ढीले हैं। जिसके चलते वह टूट कर गिर जाते हैं।