महिला पर चाकू से हमलाकर किया लहूलुहान
शुक्लागंज, संवाद सहयोगी : कब्जे के विवाद में आरोपी रिश्तेदारों ने महिला को लात-घूसों से पीटने के बाद चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शरीर से खून बह जाने के कारण महिला अचेत होकर घटनास्थल पर ही गिर गई। यह देख उसकी 12 वर्षीय पुत्री आनन फानन में गंगाघाट थाने पहुंचे और घटना की जानकारी दी। इस बीच आसपास के रहने वाले लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को भी दे दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को मेडिकल के लिए भेजा है।
जानकारी अनुसार सर्वोदय नगर में रहने वाली गुड़िया पत्नी स्व. लाल पासी अपनी पुत्री व छोटे पुत्र के साथ अपने पति के मकान में रहती है। पुलिस के अनुसार महिला कुछ दिनों पहले अपने भाई के पास रहने चली गई थी। इस बीच पड़ोस में रहने वाले महिला के जेठ मुन्ना लाल ने उसकी घर पर भी जबरन कब्जा कर लिया और वहीं रहने लगा। जबकि, पड़ोस में स्थित उसके खुद के घर में उसकी पत्नी रामलली व तीन पुत्र रहते हैं। मंगलवार को महिला अपने घर पर अपना कब्जा लेने पहुंची तो आरोपी मुन्ना लाल की पत्नी ने उसे कब्जा देने से मना कर दिया और मकान पर हक सिर्फ अपने स्वर्गीय देवर व उसके दोनों बच्चों का बता कर चलता करने लगी। इस बात को लेकर दोनों महिलाओं के बीच हाथापायी होने लगी। थाने पहुंची घायल महिला ने पुलिस को बताया कि इसी दौरान उसका उसका भतीजा अनूप भी अपनी मां के पक्ष में आ गया और चाकू से उसके हाथ पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को घटना स्थल से हिरासत में ले लिया है। वहीं, पकड़े गए युवक ने पुलिस को बताया कि महिला ने मुहल्ले में रहने वाले लोगों के सामने ब्लेड से अपने हाथ को काट लिया, जिससे वह घायल हुई है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।