घर में सिलेंडरों के धमाके से, एक सैकड़ा लोग घायल
उन्नाव,जागरण संवाददाता : शहर कोतवाली क्षेत्र के दोस्ती नगर में बाजार के निकट स्थित घर में गुरुवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे चाय अचानक धड़ाधड़ हुए गैस सिलेंडरों के विस्फोट से कोहराम मच गया। इसमें करीब एक सैकड़ा लोग घायल हो गए, दर्जनों की हालत गंभीर है। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया जहां से तीन दर्जन से ज्यादा लोगों को कानपुर और लखनऊ के अस्पतालों के लिए रिफर कर दिया गया। कई का इलाज प्राइवेट अस्पतालों में चल रहा है।
दोस्ती नगर निवासी प्रमोद गुप्ता पुत्र बांके बिहारी का मकान मुख्य मार्ग किनारे बाजार के निकट बना है। रात लगभग 8:30 बजे चाय बनाते समय गैस सिलेंडर में लीकेज से आग लग गई। कुछ ही देर में आग के गोले छत से बाहर निकलने लगे। आग लगने और घर में फंसे लोगों की चीख पुकार सुन गावं के लोग की भीड़ जमा हो गई। घर के अंदर जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना जबरदस्त था मकान की छत उड़ गई एक दीवार की ईट उखड़ कर दूर तक जा गिरी। दूसरा सिलेंडर फटने से दमकल जवानों ने बचा लिया। आग में फंसी प्रमोद की पत्नी सोनी और पुत्रियों में जान्हवी, श्रद्धा और पुत्र आयुष को निकालने के लिए जमा भीड़ में दर्जनों लोग झुलस गए। आग बुझाने के लिए जमा हुई भीड़ में शामिल लोगों के साथ ही मुख्य मार्ग से निकल रहे और तमाशबीनों की भीड़ में शामिल कई दर्जन लोग झुलस गए। अग्निकांड की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे दमकल जवानों ने लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू। आग से झुलसे एक सैकड़ा से अधिक लोगों को अलग-अलग अस्पताल भेजा गया है। इतनी बड़ी संख्या में झुलसे हुए लोगों के जिला अस्पताल पहुंचने से हड़कंप मच गया। डाक्टरों ने इलाज शुरू किया इसमें कई की हालत गंभीर देखते हुए कानपुर और लखनऊ के लिए रेफर किया गया। गंभीर रूप से घायलों में प्रमोद के परिजनों की संख्या ज्यादा है। इसमें प्रमोद गुप्ता (38) पुत्र बांके बिहार, सोनी गुप्ता (35) पत्नी प्रमोद गुप्ता, आयुष गुप्ता (15) पुत्र प्रमोद गुप्ता, जान्हवी गुप्ता (12) पुत्री प्रमोद गुप्ता, अमित सोनी (45) पुत्र श्यामू, अशोक पुत्र (45) पुत्र बांके बिहारी, नरेश (35) पुत्र कालीचरन निवासी भतावां, मथुरा 25 पुत्र गया प्रसाद निवासी रग्घाखेड़ा दबौली, संजय (30) पुत्र रमेश निवासी थाना, कृपाशंकर पुत्र राम शंकर, कृपाशंकर (56) पुत्र महराज सिंह फायर सिपाही, प्रभात सिंह (17) पुत्र मनोज सिंह, भारत सिंह (30) पुत्र सूरजबली, सूरज बली सिंह (52) पुत्र शिवराम सिंह आदि की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक रतन कुमार, सीओ सिटी मनोज अवस्थी, शहर कोतवाल धर्मेद्र रघुवंशी आग बुझाए जाने तक मौके पर डटे रहे। एसपी ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। डीएम ने कहा कि कुछ गांव के लोगों ने बताया है गृहस्वामी पेट्रोल बेंचता था इसकी जांच कराई जाएगी। डीएम और एसपी ने अस्पताल पहुंच घायलों के दवा उपचार का भी जायजा लिया।