बदमाशों ने गृहस्वामी को घायल कर की लूटपाट
सुमेरपुर, संवाद सूत्र: बारासगवर थाना क्षेत्र के ग्राम फरकी (बक्सर) में मंगलवार रात नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में धावा बोल दिया और गृहस्वामी को मारपीट कर लगभग एक लाख के जेवर व नकदी लूट ली। इसके बाद बदमाशों ने उस बांध कर चले गए। सुबह बगल में कटिया करने आए लोगों ने दरवाजा खोला। उसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी।
ग्राम फरकी (बक्सर) के निवासी दया शकर यादव पुत्र राम आसरे का घर बिहार बक्सर मार्ग के किनारे है। घर के सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होने लालगंज जनपद रायबरेली गए हुए थे। घर में अकेले गृहस्वामी ही थे। वह घर की दूसरी मंजिल पर सो रहे थे। रात लगभग एक व दो के बीच अचानक उसकी नींद खुली तो देखा की छत के एक किनारे पर एक व्यक्ति खड़ा है। इस पर दया शकर ने टोका तो वह मारने लगा। जवाब में गृहस्वामी ने उसको मारा, लेकिन उसके दो और साथी आ गए और तीनों ने मिलकर गृहस्वामी को मारा पीटा। उसके बाद उसके सर पर तमंचा अड़ा दिया। इसके बाद गृहस्वामी को पकड़ कर नीचे लाए और जानकारी ली। गृहस्वामी कमरे में रखे बक्से व अलमारी की तरफ इशारा कर दिया। बदमाशों ने गृहस्वामी को रस्सी हाथ पैर बाधकर आंगन मैं बैठा दिया। बक्से से जेवर एवं अलमारी में रखे 15 हजार और एक लाख के जेवर निकाल लिए। इसके बाद गृहस्वामी को धमकी देते हुए मेन गेट से निकले और बाहर से गेट बंद कर दिया। गृहस्वामी ने बताया कि प्रात: लगभग 5 बजे गृहस्वामी धीरे-धीरे खिसककर मेन दरवाजे तक पहुंचा और अंदर से दरवाजा पीटा। चिल्लाया तो घर के थोड़ी दूर पर पड़ोस के लोग गेहूं की फसल काट रहे लोगों ने आवाज सुनी तो दौड़ कर गए और दरवाजा खोला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।
कुछ बदमाश बाहर भी थे
गृहस्वामी ने बताया कि ऊपर से बदमाश आए थे। तीनों अपना चेहरा ढके हुए थे। ऐसा लग रहा था कि बाहर भी कुछ लोग खड़े है।
इसी जाड़े में है बेटी की शादी
गृहस्वामी ने बताया कि मेरी बेटी की शादी कुछ माह में होनी है। इसीलिए अभी से उसके लिए जेवर आदि बनवाकर रख लिया था। बेटी की जंजीर, अंगूठी, पायल, फूल आदि के साथ पत्नी की अलमारी को तोड़कर 15 हजार रुपए नकद उठा ले गए है।
लूट की घटनाओं से दहशत
बक्सर क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी व लूट की घटनाओं से पूरे क्षेत्र में भय एवं दहशत का माहौल बना हुआ है। थाना बारा सगवर क्षेत्र में कुछ दिन पहले ही तनगापुर (बक्सर) में अजय विक्रम सिंह के यहां लूट की घटना हुई थी। इसके अलावा जगत पुर के छेदीलाल व रघुनाथ खेड़ा के जाहिद अली के घर चोरों ने हाथ साफ किया है। 20 अप्रैल की रात जगतपुर के ओम प्रकाश यादव के यहां चोरी का प्रयास हुआ था। इन घटनाओं का पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। इससे पूरे क्षेत्र के लोगों में रोष है।
वीआईपी ड्यूटी में हूं बाद में बात करूंगा
सूचना पाकर थाना बारासगवर पुलिस मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। दूरभाष पर थानाध्यक्ष बारासगवर से संपर्क करने का प्रयास किया। इसमें उन्होंने कहा कि मैं वीआईपी ड्यूटी पर हूं। बाद में बात करूंगा।