खोदाई में दो तरफ ककई ईंट की दीवार मिली
डौंडियाखेड़ा, उन्नाव : राजा राव रामबक्श सिंह के किले में हो रही खोदाई के काम में रविवार को गैंती तेजी से चली। अब तक हुई खोदाई में 9 वें दिन सबसे अधिक 81 सेमी गहराई की मिट्टी निकाली गई। मिट्टी के जिस चूल्हे को निकालने का प्रयास हो रहा था वह निकालते समय टूट गया।
रविवार को किले में खोदाई के काम में तेजी तब आई जब मिट्टी के चूल्हे को निकालने का प्रयास असफल हो गया। चूल्हा निकालते समय टूट गया। मिट्टी का एक घड़ा निकला था, उसे भी सुरक्षित नहीं निकला जा सका। सुबह काम शुरू होने के बाद जैसे दो घंटे तक काम की रफ्तार कुछ धीमी रही। जैसे ही मिट्टी का घड़ा, चूल्हा टूटा फिर मजदूरों की गैंती ने रफ्तार पकड़ ली। लंच के बाद खोदाई का काम शाम को बंद होने के बाद एसडीएम विजय शंकर दुबे ने बताया कि 81 सेमी अन्य दिनों की अपेक्षा सबसे अधिक खोदाई हुई है। खोदाई के दौरान मिट्टी के खिलौने, लोहे की कीलें मिली हैं। दो तरफ ककई ईट की मोटी दीवार मिली है। खोदाई का काम बंद होने तक 3.35 मीटर गहराई तक खोदाई का काम पूरा हो गया है। खोदाई के काम के अलावा एएसआइ का सर्वे विभाग मंदिर से खोदाई स्थल का नया नक्शा तैयार कर रहा है। यह उच्चाधिकारियों के आदेश पर किया जा रहा है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर