केंद्र सरकार पर तानाशाही का आरोप
सुल्तानपुर : हिमांचल प्रदेश विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव पर प्रतिबंध के खिलाफ एसएफआइ कार्यकर्ता मंगलवार को सड़कों पर उतर पड़े। बस स्टेशन स्थित आजाद तिराहे पर केंद्र सरकार व हिमांचल विवि के कुलपति का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया। आक्रोशित छात्रों का कहना था कि इस लोकतांत्रिक अधिकार के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी।
स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष विवेक विक्रम की अगुआई में दर्जनों छात्र मंगलवार को सड़कों पर उतर गए। हिमांचल प्रदेश में छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकार, छात्र संघ चुनाव पर प्रतिबंध लगाए जाने के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित छात्रों ने नगर की सड़कों पर जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आजाद तिराहे पर केंद्र सरकार व हिमांचल विवि के कुलपति का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। इसके पूर्व छात्रों को संबोधित करते हुए विवेक विक्रम ने कहा कि आज पूरे हिंदुस्तान में सभी प्रदेशों में विश्वविद्यालयों व केंद्रीय विश्ववविद्यालयों में सत्तारूढ़ केंद्र सरकार छात्र संघ चुनाव पर प्रतिबंध लगा रही है। यह तानाशाही रवैया है। जिससे छात्रों के हितों की अनदेखी हो रही है। हिमांचल प्रदेश में छात्र संघ चुनाव पर प्रतिबंध लगाना इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। विश्वविद्यालय कुलपति व सत्तारूढ़ केंद्र सरकार के गठजोड़ से छात्र संघ चुना पर प्रतिबंध लगाया गया है। उन्होंने कहा कि स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया इस तानाशाही रवैये का विरोध करती है। कहा कि यदि शीघ्र ही छात्र संघ चुनाव को मंजूरी नहीं दी गई तो संगठन पूरे देश में व्यापक आंदोलन छेड़ेगा। महेश तिवारी, कुलदीप यादव आदि ने भी धरने को संबोधित किया। इस मौके पर विवेक पांडेय, अभिषेक त्रिपाठी, संदीप यादव, स्नेह कुमार, प्रशांत, किसन सोनी, रमाकांत, नीरज, सुभाष, संतोष, विशाल अमर बहादुर व दिनेश आदि मौजूद रहे।