'वैज्ञानिक विधि से खेती कर आत्मनिर्भर बनें किसान'
सुल्तानपुर : मेले में अनुदान पर खाद, बीज, दवा व तकनीकी जानकारी दी जा रही है। किसान इसका लाभ उठाएं। स
सुल्तानपुर : मेले में अनुदान पर खाद, बीज, दवा व तकनीकी जानकारी दी जा रही है। किसान इसका लाभ उठाएं। साथ ही वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर फसलों का उत्पादन बढ़ाएं और आत्मनिर्भर बनें। ये बातें मुख्य विकास अधिकारी श्रीकांत मिश्र ने कहीं। वे अहिमाने स्थित कृषि भवन में आयोजित किसान महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
सीडीओ मिश्र ने कहा कि किसानों को यदि खेती से जुड़ी कोई भी समस्या है तो वे मेले में कृषि विशेषज्ञों से सुझाव ले सकते हैं। साथ ही कृषि संबंधी विभागीय अफसरों से शिकायत कर निदान भी करा सकते हैं। फैजाबाद मंडल के संयुक्त निदेशक (कृषि) डॉ.ओपी सिंह ने वर्षा जल के संरक्षण पर जोर दिया। कहा कि किसान अपने खेतों के मेड़ों को मजबूत कर पानी संग्रह करें। भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ाने के लिए हरी खाद की बोआई करें। उन्होंने ढैंचा की बोआई के लिए किसानों को प्रेरित किया। मेला संयोजक उपनिदेशक कृषि राघवराम वर्मा ने रबी की फसलों की बोआई के प्रति किसानों को जानकारी दी। इस मौके पर जिला कृषि अधिकारी संदीप कुमार, भूमि संरक्षण अधिकारी अभय यादव आदि ने विचार रखे। इस मौके पर पांच किसानों रामअचल, अशोक सिंह, रवींद्र विश्वकर्मा, मकसूद आलम व हीरालाल को गेंहू बीज किट वितरित किया गया।