धान क्रय केंद्रों से देंगे वोट डालने का संदेश
सुलतानपुर : गैस एजेंसी व पेट्रोल पंपों के बाद अब धान क्रय केंद्र प्रभारी भी मतदाता जागरुकता अभियान फ
सुलतानपुर : गैस एजेंसी व पेट्रोल पंपों के बाद अब धान क्रय केंद्र प्रभारी भी मतदाता जागरुकता अभियान फैलाने के लिए आगे आए हैं। खाद्य विभाग के निर्देश पर केंद्रों पर बैनर पोस्टर लगाने की तैयारी की जा रही है। धान का समर्थन मूल्य जानने व उपज बेचने के लिए लाने वाले किसानों को वोट डालने का महत्व बताया जाएगा। आयोग की तरफ से जारी जागरुकता संदेशों को प्रसारित करने के लिए संकल्प दिलाया जाएगा।
जिला खाद्य एवं विपणन विभाग ने मतदाता जागरूकता संदेश गांव-गांव फैलाने का संकल्प लिया है। अभियान को सफल बनाने के लिए केंद्र प्रभारियों को कड़ी बनाया गया है। यूपी कोआपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड, कर्मचारी कल्याण निगम समेत प्राइवेट प्लेयर्स को सेंटरों पर बैनर पोस्टर लगाने के लिए कहा गया है। केंद्र पर आने वाले किसानों को मतदान का महत्व बताया जाएगा। उन्हें पसंदीदा प्रत्याशी को वोट डालने के लिए प्रेरित किया जाएगा। घर-घर संदेश फैलाने के लिए पर्ची भी भेजी जाएगी। बेहतर कार्य करने वाले प्रभारियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर सम्मानित किया जाएगा।
सम्मानित होंगे कर्मी : एएमओ
क्षेत्रीय विपणन अधिकारी ज्ञानचंद्र वर्मा कहते हैं कि सभी अधिकृत केंद्र प्रभारियों को बैनर पोस्टर लगाने के लिए कहा गया है। इसकी क्षेत्रवार भ्रमण कर जांच कराई जाएगी। अभियान के उत्कृष्ट प्रदर्शनकारियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर सम्मानित किया जाएगा।