जयमाल पर थप्पड़ और मंडप में दूल्हे को चप्पल
सुलतानपुर : जयमाल डालने आया दूल्हा तो दुल्हन ने उसे थप्पड़ रसीद कर दिया। हंगामा हुआ तो वर-वधू दोनों प
सुलतानपुर : जयमाल डालने आया दूल्हा तो दुल्हन ने उसे थप्पड़ रसीद कर दिया। हंगामा हुआ तो वर-वधू दोनों पक्षों ने बाहें समेटी। पर, बड़े बुजुर्गों ने टकराव टलवा दिया। दावत के बाद जब मंडप में दूल्हा पहुंचा तो इस बार दुल्हन ने उसे चप्पलों से पीट दिया। फिर क्या था दोनों ओर से जमकर हंगामा, मारपीट की नौबत फिर बरात बैरंग वापस। जी हां ! यह घटना बुधवार की रात थाना क्षेत्र के थरमापुर गांव की है, दूल्हे पर शराब के नशे में धुत होने का आरोप लगाया गया है। सामाजिक क्षति से बचने के लिए दोनों पक्षों ने आपस में समझौता भी कर लिया। पुलिस घटना की जानकारी से ही इन्कार कर रही है।
मामला चांदा थाने के थरमापुर गांव का है। बीते बुधवार को करौंदीकला बाजार से थरमापुर गांव में एक यादव परिवार के यहां बरात आई थी। द्वारचार की रस्म अदा होते-होते दूल्हे राजा शराब के नशे में धुत होते गए। जयमाल के समय दूल्हन ने दूल्हे के हरकतों को विरोध किया। इस पर भी दूल्हा न माना तो उसकी हरकतों से आजिज आई दुल्हन ने जयमाल स्टेज पर दूल्हे को थप्पड़ दे मारा। किसी तरह लोगों ने समझा-बुझाकर शादी की रस्में शुरू कराईं, लेकिन दूल्हे का सुरूर उतरा नहीं था। सात फेरे के वक्त भी वे हरकत करने से बाज नहीं आए। खीझी दुल्हन ने इस बार उनकी चप्पलों से धुनाई कर दी। फिर बात ऐसी बिगड़ी कि बड़े बुजुर्गों के मान-मनौव्वल के बाद भी मामला नहीं सुलटा। आखिरकार देर रात बरात बैरंग वापस लौट गई। थानाध्यक्ष चांदा से रामजी यादव से जब पूछा गया कि थरमापुर गांव में हुई घटना में क्या पुलिसिया हस्तक्षेप हुआ। वे बोले कि कतई नहीं, हमें जानकारी भी नहीं है। कभी-कभी सामाजिक डर से लोग ऐसी घटनाओं को पी जाते हैं। फिलहाल हम अपने चौकी इंचार्ज व बीट सिपाहियों से पता करके ही कुछ बता सकते हैं।