गिरी दीवार, मलबे में दबकर बालक की गई जान
सुलतानपुर : स्थानीय थानाक्षेत्र के पूरे विष्णुदत्त दूबे के पुरवा में शुक्रवार की सुबह कच्ची दीवार भर
सुलतानपुर : स्थानीय थानाक्षेत्र के पूरे विष्णुदत्त दूबे के पुरवा में शुक्रवार की सुबह कच्ची दीवार भरभराकर ढह गई। मलबे की चपेट में आने से घर में सो रहे बालक की मौत हो गई। अचानक हुए हादसे से गांव में कोहराम मच गया है।
अतानगर ग्राम पंचायत के पूरे पूरे विष्णुदत्त दूबे के पुरवा निवासी कालीप्रसाद दूबे का 12 वर्षीय पुत्र विकास दूबे रोजाना की भांति घर में सो रहा था। सुबह करीब छह बजे अचानक घर की कच्ची दीवार भरभराकर ढह गई। मलबे के नीचे विकास दब गया। हल्ला-गुहार मचा तो गांव वाले भी मौके पर पहुंचे। लोगों ने आनन-फानन में मलबा हटाना शुरू कर दिया। कड़ी मशक्कत के बाद विकास को बाहर निकाला जा सका, लेकिन तब तक गंभीर रूप से जख्मी हो जाने की वजह से उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पाकर सदर एसडीएम दिनेश कुमार गुप्ता ने राजस्व कर्मियों के साथ पहुंचकर मौका मुआयना किया। उन्होंने शोकाकुल परिवारीजनों को सांत्वना दी।
नहर में गिरी बालिका, नहीं लगा सुराग
बिही निदूरा गांव निवासी मोहम्मद इरफान की 13वर्षीया पुत्री सबीना बानों शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे घर से शौच के लिए शारदा सहायक नहर की पटरी की ओर गई थी। पैर फिसल जाने से वह नहर में गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने इसकी सूचना परिवारीजनों वे पुलिस-प्रशासन को दी। गोताखोरों की मदद से बालिका की तलाश की जा रही है, परंतु खबर लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका है।
प्रशासन देगा चार लाख
पूरे विष्णूदत्त का पुरवा में दीवार गिरने से बालक के मौत की सूचना पाकर एसडीएम सदर दिनेश कुमार गुप्ता मौके पर गए। घटना की पड़ताल कराई। उन्होंने बताया कि मृतक बालक के परिजनों को सरकारी सहायता के रूप में चार लाख रुपये दिलाए जा रहे हैं।