भ्रष्टाचार के खिलाफ बुलंद की आवाज
सुलतानपुर : थाना, तहसील व सरकारी दफ्तरों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ बुधवार को भी वामपंथियों ने
सुलतानपुर : थाना, तहसील व सरकारी दफ्तरों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ बुधवार को भी वामपंथियों ने आवाज बुलंद की। कलेक्ट्रेट के समक्ष तिकोनिया पार्क में लगातार दूसरे दिन भी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी व उसके अनुसांगिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला मंत्री शारदा प्रसाद पांडेय की अगुआई में दर्जनों कार्यकर्ता तिकोनिया पार्क में एकत्रित हुए। उनका कहना था कि जिला प्रशासन आमजन व किसानों की समस्याओं की अनदेखी तो कर ही रहा है। साथ ही विभिन्न सरकारी महकमों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में भी नाकाम साबित हो रहा है। जिसके चलते सरकारी दफ्तरों में दलालों व बिचौलियों की बोलबाला है। सदर समेत सभी तहसीलों पर राजस्व कर्मियों व भू माफियाओं का गठजोड़ है। जिसके चलते निर्बल व कमजोर तबके के लोगों की जमीन हड़प ली जा रहीं हैं। धरने को संबोधित करते हुए जिला मंत्री पांडेय ने कहा कि कुड़वार थाना क्षेत्र में बीते दिनों मासूम की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस हत्यारोपी महिला निर्मला देवी को गिरफ्तार नहीं कर रही है। मो.नईम खां ने कहा कि किसानों को समय पर खाद, बिजली व पानी उपलब्ध कराने में जिला प्रशासन नाकाम साबित हो रहा है। जंगली जानवरों से फसलों से बचाने के लिए प्रशासन द्वारा कोई सार्थक कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। विकास खंड कार्यालयों पर शासकीय धन की बंदरबांट की जा रही है, लेकिन आला अफसर चुप्पी साधे हुए हैं। सभा के उपरांत खेत मजदूर यूनियन, महिला फेडरेशन व किसान सभा के कार्यकर्ता एसपी दफ्तर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक सोनिया सिंह को ज्ञापन सौंपकर बालक विवेक निषाद के हत्यारों को गिरफ्तार करवाए जाने की मांग की। इस मौके पर श्रीपाल, मुन्ना शर्मा, प्रेमादेवी, सलीम खान, दरगाही, रोशन, संदीप पाल, किस्मता, कृष्णलली व पूनम शाही आदि मौजूद रहे।