खत्म हुआ इंतजार, शुरू हुई बरसात
सुलतानपुर : करीब दो माह से भीषण गर्मी झेल रहे लोगों के लिए रविवार का दिन राहत भरा रहा। सुबह से आसमान
सुलतानपुर : करीब दो माह से भीषण गर्मी झेल रहे लोगों के लिए रविवार का दिन राहत भरा रहा। सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे। करीब नौ बजे रिमझिम बरसात शुरू हो गई। दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। जिससे मौसम सुहाना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिल गई। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश भी होगी।
इनसेट..: पहली बारिश में खूब भीगे लोग
एक तो छुट्टी का दिन दूसरे मानसून की पहली बारिश। ऐसे में गर्मी से तंग लोगों को भला और क्या चाहिए? लोगों ने रिमझिम बरसात का जमकर लुत्फ उठाया। खासकर बच्चों और युवाओं ने भीगकर बारिश का स्वागत किया। नगर की सड़कों पर बाइक सवार युवक मस्ती करते दिखे।
इनसेट..: धान की फसल को फायदा
जून के आखिरी सप्ताह में मानसून के सक्रिय होने से किसानों के चेहरे खिल उठे। इससे अन्नदाताओं में अच्छी बारिश की उम्मीद जगी है। रविवार को हुई बारिश धान की नर्सरी के लिए अमृत समान है। रोपाई किए गए धान की फसल के लिए भी बारिश फायदेमंद है। भदैंया ब्लॉक के इस्लामगंज निवासी रामराज प्रजापति, पखरौली निवासी राम अकबाल वर्मा, बगिया गांव निवासी राहुल वर्मा व गोसाईंगंज क्षेत्र के मवाली मिश्र कहते हैं कि बारिश से खेतों में जोताई के लिए पर्याप्त नमी हो जाएगी। जिससे दलहनी व तिलहनी फसलों की बोआई समय से हो सकेगी।
इनसेट..12.4 मिमी हुई बारिश
नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज फैजाबाद के मौसम पर्यवेक्षक योगेंद्र ¨सह ने बताया कि पूरे अवध क्षेत्र में मानसून सक्रिय हो गया है। रविवार को 12.4 मिमी. बरसात हुई। सोमवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और बरसात होने की पूरी संभावना है। उन्होंने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 32 व न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य रहा। आर्द्रता अधिकतम 90 व न्यूनतम 74 रही। 5.6 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से उत्तरी-पूर्वी हवाएं चलीं।