चटख धूप के बावजूद ठंड व गलन बरकरार
सुल्तानपुर : सर्द पछुआ हवाएं लोगों का पीछा नहीं छोड़ रही हैं। जिससे दो दिनों से हो रही चटख धूप के बा
सुल्तानपुर : सर्द पछुआ हवाएं लोगों का पीछा नहीं छोड़ रही हैं। जिससे दो दिनों से हो रही चटख धूप के बावजूद भी ठंड व गलन बरकरार है। शनिवार को न्यूनतम पारा लुढ़ककर सामान्य से दो डिग्री नीचे चला गया। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को आसमान साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी, लेकिन ठंड में कमी नहीं आएगी।
शनिवार भोर में कोहरा छाया रहा। लेकिन सुबह करीब सात बजे कोहरा छटा तो सूरज निकला। दिन बढ़ाने के साथ-साथ धूप चटख होती गई। लेकिन 5.7 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली सर्द पछुआ हवाओं से ठंड व गलन बरकरार रही। नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम पर्यवेक्षक शंखमाधव तिवारी ने बताया कि अभी कुछ दिनों तक ठंड से लोगों को निजात नहीं मिलेगी। पहाड़ों में हुई बर्फबारी का असर बना रहेगा। उन्होंने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 21 व न्यूनतम 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता अधिकतम 90 व न्यूनतम 58 रही।