मजिस्ट्रेट ने परखी जिला अस्पताल की व्यवस्था
सुल्तानपुर : नगर मजिस्ट्रेट ने बुधवार की शाम जिला अस्पताल की व्यवस्था को परखा। उन्होंने स्वास्थ्य वि
सुल्तानपुर : नगर मजिस्ट्रेट ने बुधवार की शाम जिला अस्पताल की व्यवस्था को परखा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के साथ आपातकालीन कक्ष व विभिन्न वार्डो का निरीक्षण किया। अभिलेखों की गहन जांच-पड़ताल की। मरीजों से मिल रही सुविधाओं के बाबत जानकारी ली। खामियों को शीघ्र दूर करने के लिए जिम्मेदारों को निर्देशित किया।
जिला अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधा मुहैया कराने के लिए सप्ताह भर पूर्व जिलाधिकारी अदिति सिंह ने निरीक्षण का रोस्टर निर्धारित किया था। इसके लिए तीन मजिस्ट्रेटों की साप्ताहिक डयूटी लगाई गई है।
इसी क्रम में बुधवार को अपर उपजिलाधिकारी सदर रामचन्द्र सरोज जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने सीएमओ डा.केबी सिंह के साथ आपातकालीन कक्ष, महिला व पुरूष जनरल वार्ड, चिल्ड्रेन वार्ड तथा महिला व पुरूष सर्जिकल वार्ड का निरीक्षण किया। इसके बाद वे महिला अस्पताल की इमरजेंसी जा पहुंचे। वहा पर मौजूद उपचारिका शांती शुक्ला से चिकित्सक के बारे मे पूछताछ की। नसबंदी की प्रगति जानी। इसके साथ ही मजिस्ट्रेट ने विभिन्न वार्डो में भर्ती मरीजों से जानकारी ली। जयसिंहपुर के हयातनगर कोटवा निवासी गर्भवती शमा बानो से पूछा कि अस्पताल तक किस साधन से आई हैं, तो उन्होंने बताया कि वे निजी साधन से यहां आई हैं। महिला सामान्य वार्ड में तीमारदारों की भीड़ देख उन्होंने सीएमएस डा.उर्मिला चौधरी से पूछताछ की।