आजम खां के खिलाफ दायर हुआ परिवाद
सुल्तानपुर : सपा मुखिया मुलायम सिंह के जन्मदिन पर खर्च होने वाली धनराशि के बारे में नगर विकास मंत्री
सुल्तानपुर : सपा मुखिया मुलायम सिंह के जन्मदिन पर खर्च होने वाली धनराशि के बारे में नगर विकास मंत्री आजम खां के वक्तव्य से नाराज एक व्यक्ति ने देशद्रोह का आरोप लगाया है। साथ ही जिले की एक अदालत में परिवाद दायर कर दंडित करने की मांग की है। प्रकरण में मजिस्ट्रेट ने थाने से आख्या तलब की है। शहर के निरालानगर निवासी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने एसीजेएम सरोज यादव की अदालत में सपा नेता व प्रदेश के नगर विकास मंत्री आजम खां के खिलाफ परिवाद दायर किया है। जिसमें कहा गया है कि 21 नवंबर को अखबारों में छपे समाचार से ज्ञात हुआ कि मंत्री आजम खां ने रामपुर में सपा मुखिया मुलायम सिंह के जन्मदिवस समारोह में अकूत धन खर्च किया है। जौहर विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम पर खर्च की जाने वाली धनराशि का ब्योरा मांगने पर मंत्री ने मीडिया कर्मियों से कहाकि सारा पैसा तालिबानी फंड का है। इसका इंतजाम दाउद इब्राहिम और अबू सलेम ने किया है। मंत्री के इस बयान को वादी ने देशद्रोह व राष्ट्र की सुरक्षा अखंडता के लिए खतरा बताते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। कहा है कि जिम्मेदार पद पर रहते हुए उन्होंने जनमानस की भावनाओं को ठेस पहुंचाया है। ऐसे में धारा 295 व 124 क के तहत मुकदमा दर्ज किया जाए।