दिनदहाड़े दंपती पर ताना असलहा, लूट
सुल्तानपुर : स्थानीय थानान्तर्गत देवरी नहर पुल पर बाइक सवार बदमाशों ने जौनपुर जिले के एक दंपती को नि
सुल्तानपुर : स्थानीय थानान्तर्गत देवरी नहर पुल पर बाइक सवार बदमाशों ने जौनपुर जिले के एक दंपती को निशाना बनाया। दिनदहाड़े चार बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक करके महिला के जेवरात व नकदी लूट ली। दंपती अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। असलहों के बल पर लूट के बाद बदमाश कस्बे की ओर फरार हो गए। दो बाइक पर सवार बदमाशों की संख्या चार बताई गई है। वारदात की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की। पर, उन्हें सफलता नहीं मिली।
कस्बे से सटे देवरी गांव निवासी व पूर्व प्रधान राजाराम सिंह की पत्नी का बीते दिनों निधन हो गया। शोक संतप्त परिवार से मिलने शनिवार को उनके रिश्तेदार व जौनपुर जिले के सरपतहा थानान्तर्गत भेला समोधपुर निवासी दीपक सिंह अपनी बाइक संख्या यूपी.62 एडी 9594 से देवरी गांव जा रहे थे। बाइक पर उनकी पत्नी आरती सिंह बैठी थीं। लम्भुआ कस्बे से होकर दंपती दियरा रोड होते हुए नहर पुल से गांव की ओर मुड़े। नहर पटरी पर चलकर जब गांव के नजदीक पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पीछे दो-दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। असलहा सटाकर पत्नी की सोने की चेन, लाकेट, पर्स, नकदी छीन लिया। दिनदहाड़े करीब साढ़े बारह बजे लूट की वारदात से सनसनी फैल गई। बदमाश वापस सेमरी नहर पुल से होते हुए कस्बे की ओर भाग निकले। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पीएन सक्सेना पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की। पर, उन्हें सफलता नहीं मिली।