रोशनी से जगमगाया शहर, खूब हुई आतिशबाजी
सुल्तानपुर : अंधकार पर प्रकाश की विजय का पर्व दीपोत्सव गुरुवार को धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही चत
सुल्तानपुर : अंधकार पर प्रकाश की विजय का पर्व दीपोत्सव गुरुवार को धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही चतुर्दिक उल्लास दिखाई दिया। घर-घर पकवान बने और एक-दूसरे को उपहार देकर लोगों ने दीपावली की बधाईयां दीं। शाम होते ही इमारतें रंग-बिरंगी रोशनी से नहा उठीं और लक्ष्मी-गणेश पूजन के साथ शुरू हो गया धमाल। आसमान में मनमोहक आतिशबाजी और पटाखों का धूमधड़ाका देर रात तक गुंजायमान रहा। घर-घर, मंदिर-मंदिर पूजन-अनुष्ठान किए गए। दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में भी लोगों ने समृद्धि एवं संपन्नता की देवी भगवती लक्ष्मी की पूजा-आराधना की।
नगर में यूं तो धनतेरस से ही चतुर्दिक उत्सव का सा माहौल है। लेकिन गुरुवार को अंधकार पर प्रकाश की विजय का पर्व दीपावली सोल्लास मनाया गया। सुबह से ही चौक, घंटाघर, सिविल लाइन, पारकींसगंज, बाधमंडी, शाहगंज, पंचरास्ता, अस्पताल रोड, कुड़वारनाका, सुपर मार्केट आदि क्षेत्रों के बाजार में खरीदारों की भीड़ रही। खासकर मिठाइयों की दुकानों पर पर्व के मद्देनजर जमकर खरीद-फरोख्त की। दिन भर बाजार में चहल-पहल रही तो वहीं घर-घर लंका विजय के बाद भगवान राम के अयोध्या वापस लौटने की खुशी में पकवान बने। शाम को परपंरागत ढंग से समृद्धि एवं संपन्नता की देवी लक्ष्मी व गणेश का विधि विधान से पूजन किया गया। घरों की मुंडेरों पर लोगों ने मिट्टी के दीये जलाए। सारा शहर रोशनी से जगमगा उठा। इमारतें रंग-बिरंगी इलेक्ट्रिक झालरों से जगमगा उठीं तो वहीं जमकर आतिशबाजी हुई। मनमोहन आतिशबाजी देखने के लिए लोग घरों की छत पर जमा रहे। चारों तरफ दीपावली का उत्साह दिखा। शाम आठ बजे के बाद मनमोहक आतिशबाजी देखने को मिली।