दीपावली मेले से महिला सशक्तीकरण
सुल्तानपुर : अब नारी अबला नहीं रह गई है। विकास के पायदान पर वह समाज की तरक्की के लिए पुरुषों के साथ
सुल्तानपुर : अब नारी अबला नहीं रह गई है। विकास के पायदान पर वह समाज की तरक्की के लिए पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है। दीपावली मेला इसकी नजीर है। विकास के वास्ते तरक्की की मजबूत बुनियाद रखने के लिए महिलाओं को इसी तरह आगे आना होगा। ये कहना है जिलाधिकारी अदिति सिंह का। वे रविवार को खुर्शीद क्लब ग्राउंड में मारवाड़ी युवा मंच की महिला शाखा 'गोमती' के तत्वावधान में आयोजित दीपावली के शुभारंभ अवसर पर बोल रही थीं।
अपराह्न करीब तीन बजे डीएम सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने महिलाओं द्वारा लगाए गए हस्तनिर्मित उत्पादों, व्यंजन एवं साज-ओ-सामान के विविध स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने महिलाओं की इस पहल को सराहा और कहा कि महिलाओं की यह पहल समाज के लिए नजीर है। कार्यक्रम के दौरान विविध मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इसके पूर्व गोमती की संरक्षक सुनीता अग्रवाल, अध्यक्ष जया अग्रवाल, संगीता भालोठिया आदि ने डीएम की अगवानी कर उन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान किया। संरक्षक सुनीता अग्रवाल ने बताया कि महिलाएं घर से बाहर निकलती हैं तो समाज को समृद्धिशाली और सुंदर बनाने का कार्य करती हैं। यही उद्देश्य को लेकर गोमती शाखा काम कर रही है। जया अग्रवाल ने 11 वर्षो से निरंतर हो रहे इस आयोजन की दास्तान क्रमवार प्रस्तुत की। प्रतियोगिताओं के विजेताओं ने पालिकाध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल ने सम्मानित किया। इस अवसर पर रेनू अग्रवाल, क्षमा अग्रवाल, अनीता कानोडिया, अचला भालोठिया, वेदिता, शोभा अग्रवाल, वंदना, पूनम, रूपम, निरुपमा, संदीप अग्रवाल, डॉ.मनोज, सुधीर जिंदल, अशोक अग्रवाल, राजेश भालोठिया आदि मौजूद रहे।