'पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने का काम कर रही केंद्र सरकार'
सुल्तानपुर : मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार नवउदारवादी नीतियों पर चलकर पूंजीपति वर्ग को लाभ पहुंचाने का काम कर रही है। बढ़ती महंगाई पर सरकार अंकुश नहीं लगा सकी है।
माकपा की शहर ब्रांच कमेटी का कार्यकर्ता सम्मेलन सिविल लाइन स्थित सीपीएम भवन में पूर्वाह्न स्वतंत्रता सेनानी शीतला गुप्ता व कृष्ण शरण यादव के मुख्य आतिथ्य में शुरू हुआ। उदघाटन सत्र को संबोधित करते हुए जिला सचिव मंडल की सदस्य दुर्गावती ने कहा कि महंगाई पर अंकुश लगा पाने में सरकार नाकामयाब रही है। जनता के साथ केंद्र की सरकार ने धोखा किया है। बतौर मुख्य वक्ता प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राधेश्याम वर्मा ने पार्टी के इतिहास, आंदोलन व स्वतंत्रता संग्राम में निभाई गई भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि केंद्र की उदारवादी नीतियों ने निजी क्षेत्र को बढ़ावा दिया है। मोदी सरकार का 'मेक इन इंडिया' का नारा अत्यंत घातक है। जिससे कि स्थानीय लोगों को नुकसान होगा। लवजिहाद के मुद्दे पर भी उन्होंने भाजपा पर तंज कसे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला सचिव बाबूराम यादव व संचालक अशोक शुक्ला ने आमजनों के लिए जागरूकता अभियान छेड़ने की बात कही। इस मौके पर अरशद, केएन शाह, सूरज, जगदंबा प्रसाद, रामसजीवन शर्मा, विनोद सोनी आदि मौजूद रहे।