..ऐ शहीद तेरे अरमानों को मंजिल तक पहुंचाएंगे
सुल्तानपुर : शहीद-ए-आजम भगत सिंह के 107 वें जन्मदिवस पर शनिवार को शहर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। छात्र व युवा संगठनों द्वारा गोष्ठी व शहर में जुलूस निकाला गया। इंकलाब के नारे बुलंद किए गए। जिला पंचायत भवन स्थित भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर युवाओं ने उनके नक्शेकदम पर चलने का संकल्प लिया।
स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के जिलाध्यक्ष कुलदीप यादव के नेतृत्व में छात्रों ने नगर की सड़कों पर जुलूस निकाला। छात्रों ने इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाए। इसके बाद जिला पंचायत परिसर स्थित भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण व गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें युवाओं ने 'ऐ शहीद तेरे अरमानों को मंजिल तक पहुंचाएंगे' नारे को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। प्रदेश अध्यक्ष विवेक विक्रम सिंह ने कहा कि आज के समय में शहीद भगत सिंह जैसे लोगों की सख्त जरूरत है। कार्यक्रम का संचालन महेश तिवारी ने किया। उन्होंने कहा कि शहीदे आजम के विचारों को आम जनमानस तक पहुंचाने की जरूरत है। कुलदीप यादव ने कहा कि भगत सिंह के जीवन का एक-एक क्षण प्रेरणादायक है। इस मौके पर सरिता, दुर्गा प्रसाद, संतोष, शुभम, उदयराज, अखिलेश, मनीष चंद्र, प्रशांत, विशाल, अनुराग, नमन, अमन, अवधेश, बृजेश व रमाकांत आदि मौजूद रहे। उधर, आजाद सेवा समित के अध्यक्ष अशोक सिंह की अगुआई में कार्यकर्ताओं ने जिला पंचायत परिसर में स्थापित प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। तत्पश्चात भगत सिंह की जीवनी पर प्रकाश डाला। इस मौके पर डॉ.आशीष द्विवेदी, डॉ.आशुतोष श्रीवास्तव, हरिवंश नारायण, वीर बहादुर सिंह, चंदप्रकाश, रामचंदर वर्मा, विजय बहादुर, सुरेश सोनी आदि मौजूद रहे।