बीस सजायाफ्ता जाएंगे नैनी जेल
सुल्तानपुर : जिला कारागार में सजा काट रहे बीस कैदियों को नैनी सेंट्रल जेल भेजा जाएगा। यह कार्रवाई उच्च न्यायालय की न्यायमूर्ति व अफसरों के जेल निरीक्षण के बाद की गई। बड़ी संख्या में कैदियों के नैनी भेजे जाने से जेल में हड़कंप मचा हुआ है।
इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ से न्यायमूर्ति नाहिद आरा मोनिश ने बीस सितंबर को पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ अमहट जेल का निरीक्षण किया था। पड़ताल के दौरान जब उन्हें पता चला कि बड़ी संख्या में सजायाफ्ता बंदी जेल में रखे गए हैं, तो अफसरों के जेल मैनुअल व उसके प्राविधान के बारे में पूछताछ की। पता चला कि अन्य बंदियों के साथ सजा पाए कैदियों को ज्यादा दिन तक नहीं रखा जा सकता। जबकि रसूखदार सजा पाए लोग अस्पतालों में कब्जा जमाए थे। उन्होंने इस पर आपत्ति जताई और कहा था कि जल्द से जल्द कैदियों को सेंट्रल जेल भेजा जाए। न्यायमूर्ति के निर्देश का असर चौबीस घंटे में दिखाई पड़ा। जेल प्रशासन ने सजा पाए बंदियों की सूची तैयार की है। जानकारी मिली है कि बीस बंदियों को नैनी कारागार भेजा जा रहा है। कुछ बंदी बीमार होने की बात कहकर जिला कारागार में रहने का दावा कर रहे हैं। लेकिन जेल प्रशासन का कहना है कि केंद्रीय कारागार से उनके इलाज की व्यवस्था की जाएगी।