सीताकुंड घाट पर विसर्जन स्थल का निर्माण शुरू
सुल्तानपुर : नगर में स्थापित होने वाली दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन स्थल का निर्माण सीताकुंड घाट पर शुरू करा दिया गया है। नगर पालिका परिषद व लोक निर्माण महकमे के अभियंताओं को इसके देखरेख की जिम्मेदारी दी गई है।
उच्चतम न्यायालय के आदेशों का पालन कराने के मद्देनजर नगर की प्रतिमाओं का विसर्जन स्थल को लेकर प्रशासन व केंद्रीय पूजा समिति के पदाधिकारियों में उहापोह की स्थिति थी। गत दिनों सीताकुंड घाट पर विसर्जन स्थल का निर्माण कराने की सहमति बनी। प्रशासन ने नगर पालिका व लोकनिर्माण विभाग को स्थल के निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी। शनिवार को इसका निर्माण महकमें के अभियंताओं की अगुवाई में प्रारंभ हो गया। जेसीबी से स्थल की खुदाई की जा रही है। इसके बाद वहां निर्माण कराया जाएगा। प्रशासन के अनुसार विसर्जन स्थल 100 मी. लंबा व 40 मी. चौड़ा बनाया जाएगा। इसकी गहराई छह फुट होगी।