आज आएंगे आजम, अगवानी की जोरदार तैयारी
सुल्तानपुर : नगर विकास मंत्री आजम खां मंगलवार को जिले में आ रहे हैं। वे गजेहड़ी में मजरूह सुल्तानपुरी द्वार और बीटीसी भवन का लोकार्पण करेंगे तथा अझुई में महाविद्यालय के शिलान्यास का भी कार्यक्रम है। उनकी अगवानी की जोरदार तैयारियां चल रही हैं। इस्लामगंज से गजेहड़ी तक स्वागत द्वार सजाए जा रहे हैं।
नगर विकास मंत्री आजम खां मजरूह सुल्तानपुरी के पैतृक गांव गजेहड़ी में इसौली विधायक अबरार अहमद की निधि से सुल्तानपुर-हलियापुर मार्ग पर बने द्वार का लोकार्पण करेंगे। इस द्वार का बने करीब एक साल हो गए हैं। मंत्री के आगमन से पूर्व इस द्वार का फिर से मंगलवार का रंग-रोगन कराया गया। कार्यक्रम स्थल के आसपास साफ-सफाई के लिए कई मजदूर सोमवार को दिन भर जुटे रहे। इसी गांव में एक निजी विद्यालय के बीटीसी भवन के आसपास भी जोरदार सफाई अभियान चलाया गया। पार्टी सूत्रों ने बताया कि अझुई में महाविद्यालय के शिलान्यास के बाद मंत्री खां यहां पर एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। वे लखनऊ से सड़क मार्ग से इस्लामगंज होकर अझुई पहुंचेंगे और वहीं से कुड़वार ब्लाक होकर गजेंहड़ी जाएंगे। इसके लिए पूरे कुड़वार-इस्लामगंज संपर्क मार्ग की मरम्मत की जा रही है। जिसको लेकर पार्टी के पदाधिकारी व्यवस्था में जुटे रहे। मंत्री के आगमन की धमक जिला मुख्यालय पर भी दिखाई पड़ रही है। शहर के प्रमुख चौराहों व मार्गो पर नगर विकास मंत्री के आगमन पर स्वागत करते सपा पदाधिकारियों के होर्डिग बैनर लगा दिए गए हैं। पालिका ने सोमवार को दिन भर नगर में सफाई अभियान चलाया। इसके तहत प्रमुख मार्गो पर पड़े कूड़े हटाए गए। मुख्य भवनों व कार्यालयों के आसपास चूने का छिड़काव भी किया गया है।