स्थापना दिवस पर विहिप ने निकाली शोभा यात्रा
सुल्तानपुर : विश्व हिंदू परिषद ने स्थापना दिवस पर रविवार को नगर में शोभायात्रा निकाली और देश को हिंदू राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया। प्रमुख मार्गो पर निकले परिषद कार्यकर्ताओं का जगह-जगह स्वागत किया गया।
विदित हो कि विश्व हिंदू परिषद की स्थापना सन् 1964 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन हुई थी। रविवार को 50 वें स्थापना दिवस के साथ संगठन के स्वर्ण जयंती वर्ष की शुरुआत की। अपराह्न प्रदेश पदाधिकारी शुभनारायण सिंह, डा.केसी त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष नागेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष रमेश सिंह विसेन आदि व वेदांती आश्रम के हरि प्रपन्नाचार्य आदि की मौजूदगी में डाकखाना चौराहा से नगर में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। जो प्रमुख मार्गो से होकर गुजरी। चौक घंटाघर, बाधमंडी, शाहगंज, अस्पताल रोड, सिविल लाइन आदि स्थानों पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने शोभायात्रा की अगवानी की। जिलाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि वर्ष भर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष भोलानाथ अग्रवाल, भाजपा नगर अध्यक्ष जगजीत सिंह, अजय जायसवाल, संजय तिवारी, आनंद शुक्ला, आशीष श्रीवास्तव बिल्लू, संतोष सिंह राज सहित तमाम प्रमुख लोगों ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभाग किया।