दबंगों ने जोत लिया खेत, मारापीटा
सुल्तानपुर : स्थानीय थानांतर्गत मदनपुर पनियार गांव में दबंगों ने एक किसान का खेत जबरन जोत लिया। विरोध करने पर किसान की जमकर पिटाई की। जिससे उसका कान कट गया। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वारदात शुक्रवार की सुबह साढ़े सात बजे की है। मदनपुर पनियार निवासी बनवारी लाल शर्मा के मुताबिक गाटा संख्या 78 खेत की पांच बिस्वा जमीन पर वह खेती-बारी करता है। शुक्रवार की सुबह गांव के राम नरायन उर्फ कटारी, छब्बे उर्फ राज नरायन, रिंकू उर्फ देव नरायन, राम पियारे व राधेश्याम खेत पर पहुंच गए। दबंगों ने बनवारी की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की। धारदार हथियार से वार किया तो उसका कान कट गया। खून से लथपथ किसान को देख दबंग भाग निकले। घायल बनवारी को लेकर ग्रामीण कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने घायल को अस्पताल में दाखिल कराया। थानाध्यक्ष विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई। शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।