बेनी के निशाने पर रहे मोदी, सपा को भी कोसा
सुल्तानपुर : कांग्रेस प्रत्याशी अमीता सिंह के चुनाव प्रचार को मजबूती देने मंगलवार को केंद्रीय इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा जयसिंहपुर विधान सभा क्षेत्र के बगिया गांव पहुंचे। जूनियर हाईस्कूल के प्रांगण में उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने गांधी-नेहरू परिवार के बलिदानों का जिक्र किया। देश के विकास के लिए कांग्रेस को मजबूत करने की बात कही। मोदी पर उन्होंने निशाना साधा कहा कि जो परिवार नहीं चला सकता वह देश क्या चलाएगा। सपा पर भी उन्होंने करारे तंज कसे। मुलायम सिंह के बारे में कहा कि आजमगढ़ से चुनाव लड़ने का औचित्य क्या है, यह उन्हें बताना चाहिए। इस बार वे सैफई से भी चुनाव हारेंगे।
चिलचिलाती धूप में बेनी वर्मा सभास्थल पहुंचे तो भीड़ ने उनकी अगवानी में जमकर नारे लगाए। फिर बारी-बारी से पार्टी नेताओं ने सभा को संबोधित किया। कुछ देर बाद बेनी वर्मा की बारी आई तो उन्होंने कांग्रेस की रीति-नीति बताना शुरू किया। कहाकि आजादी के बाद देश का जो भी विकास हुआ है वो कांग्रेस, नेहरू परिवार की ही देन है। परिवार के कई लोग शहीद हुए लेकिन सभी धर्म जाति के लोगों को एक साथ रखने का काम किया। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को जिताने की अपील करते हुए कहा कि इनकी जीत राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने में सहयोग करेगी। इस मौके पर प्रमुख रूप से असम से राज्य सभा सदस्य डॉ.संजय सिंह, देवेंद्र पांडेय, विष्णुकांत त्रिपाठी, मकसूद अहमद, रामशिरोमणि वर्मा, हाजी जमा खां, संदीप तिवारी, ओपी चौधरी आदि मौजूद रहे।