आंधी की चपेट में आकर चार घायल
सुल्तानपुर :धम्मौर थाना क्षेत्र के नरहीपुर उपाध्याय निवासी रामटहल यादव (65) घर के बाहर लगे नल से पानी भर रहे थे। इसी बीच घर के बरामदे में लगी सीमेंट की चद्दर उड़कर उनके ऊपर गिर गई। जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आयीं। परिवारीजनों ने आनन-फानन में उन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।
वहीं शहर के शास्त्रीनगर मुहल्ले में गिरीशनारायण सिंह के चार पहिया वाहन पर एक विशालकाय पेड़ गिर पड़ा। जिससे उनका वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
कूरेभार संवादसूत्र के अनुसार, शनिवार दोपहर आई आंधी की चपेट में आकर थाना क्षेत्र के भटवारा निवासी राजकली (45) पत्नी हौसिला प्रसाद तिवारी घर के बाहर बैठी थीं। इसी बीच तेज हवाओं के साथ उड़कर आई टिन की चद्दर उन पर गिर गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं एक अन्य घटना में चमुरखा निवासी आशाराम पाल के दरवाजे पर स्थित नीम का पेड तेज आंधी के चलते धराशायी हो गया। जिसकी चपेट में आकर उनकी पत्नी मनभावती (30) गंभीर रूप से घायल हो गई। सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।