फंड घोटाले पर संघर्ष समिति ने किया विरोध प्रदर्शन
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति उत्तर प्रदेश के आह्वान पर बुधवार को अनपरा तापीय परियोजना के विद्युत कर्मियों ने विरोध प्रदर्शन किया।
जासं, अनपरा (सोनभद्र) : विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति उत्तर प्रदेश के आह्वान पर बुधवार को अनपरा तापीय परियोजना के विद्युत कर्मियों ने विरोध प्रदर्शन किया। संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि पावर सेक्टर इम्प्लाइज ट्रस्ट में जमा धनराशि के भुगतान की जिम्मेदारी प्रदेश सरकार ले। ट्रस्ट के अध्यक्ष को हटाकर गिरफ्तारी की जाए, जिससे निष्पक्ष जांच हो सके। वक्ताओं ने कहा कि संघर्ष समिति ने निर्णय लिया है कि प्रतिदिन तीन बजे से पांच बजे तक परियोजना के मुख्य द्वार के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर दीपक कुमार, मनोज सचान, अरविद कुमार, आरके गुप्ता, बिशंभर सिंह, शारदा प्रसाद, राम सागर सिंह, अजान बाबू, महेन्द्र यादव, विवेक सिंह, रोहित राय, अजय उपाध्याय, गजानंद श्रीवास्तव, वीर बहादुर सिंह समेत दर्जनों अधिकारी उपस्थित रहे।